ग्रामीणों को मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों की जानकारी दी
हरदा। गांव में चर्चा करते संगठन के पदाधिकारी।
गांव में लगाई चौपाल मनरेगा का लिया फीडबैक
भास्कर संवाददाता| हरदा
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन गांव-गांव में लोगों के बीच जाकर रोजगार गारंटी योजना की ग्राउंड रियलिटी की पड़ताल कर रहा है। इसके लिए 17 दिन का गांवों का विशेष दौरा व संवाद कार्यक्रम शुरू किया है। रविवार को संगठन के प्रदेश संयोजक हेमंत टाले, संभागीय समन्वयक मोहन विश्नोई व अन्य पदाधिकारी ग्राम पंचायत सन्यासा पहुंचे। यहां एकत्रित हुए जॉबकार्ड धारी परिवारों से सीधा संवाद किया। बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने बताया कई परिवारों को कार्ड होने पर भी पंचायत ने काम नहीं दिया। जिन परिवारों को काम दिया वह भी रिकार्ड पर खानापूर्ति करने के लिए दिया गया। मोहन विश्नोई ने ग्रामीणों को मनरेगा के तहत पंचायतों द्वारा कराए जाने वाले कार्यों व इससे जुड़े उनके अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। संगठन पदाधिकारियों ने कहा वे 17 दिन के संवाद में इस योजना के संबंध में मिलने वाला पूरा ब्यौरा व शिकायतें प्रशासन को देकर इसमें सुधार की पहल की मांग करेंगे।