राजस्थानी और शास्त्रीय गीतों पर बच्चों ने किया नृत्य, 47 का चयन
हरदा। जिला स्तरीय टेलेंट शो के लिए चयनित बच्चे।
भगवान परशुराम जन्मोत्सव के तहत 21 को होगा टैलेंट शो
भास्कर संवाददाता| हरदा
सर्वब्राह्मण समाज भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर चार दिवसीय समारोह आयोजित करेगा। इसमें 21 अप्रैल को टेलेंट शो होगा। इसके लिए रविवार को हरदा डिग्री कॉलेज में चयन कार्यक्रम रखा। इसमें बच्चों ने राजस्थानी, मराठी व गुजराती सहित शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी। चयन समारोह में 80 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसमें से 47 का चयन किया।
चयनित बच्चे 21 अप्रैल को हरदा डिग्री कॉलेज में शाम 4 बजे से होने वाली प्रतियाेगिता में हिस्सा लेंगे। समाज के अध्यक्ष चंद्रकांत शुक्ला ने बताया चार दिवसीय भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के पहले दिन 18 अप्रैल को बड़ा मंदिर में सुबह 8 बजे से भगवान परशुराम का पूजन, अभिषेक एवं महाआरती के बाद कन्या भोज होगा। 20 अप्रैल को महिला संगठन शासकीय पॉलिटेक्निक काॅलेज में शाम 4 बजे से फ्लावर डेकोरेशन, मेहंदी आर्ट, फैंसी ड्रेस, नृत्य प्रतियोगिता सहित अन्य प्रतियोगिताएं रखेगा। 21 अप्रैल को जिला स्तरीय टेलेंट शो का आयोजन मिडिल स्कूल परिसर में शाम साढ़े 5 बजे से होगा। टेलेंट शो के बाद व्यंजन मेला आयोजित होगा। 22 अप्रैल को शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शाम 5 बजे से शहर के मिडिल स्कूल परिसर से मुख्य मार्गों से होती हुई वापस स्कूल पहुंचकर समाप्त होगी। कार्यक्रम संयोजक नीतेश बादर ने बताया यहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतिभा सम्मान होगा। उन्होंने सभी विप्र बंधुओं से कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया है।