प्रवक्ता का आरोप: नपाध्यक्ष मानहानि के केस दायर करने की दे रहे धमकी
हरदा| नपा अध्यक्ष सुरेंद्र जैन और तत्कालीन अध्यक्ष साधना जैन के कार्यकाल में शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायत लोकायुक्त में की जाएगी। नपाध्यक्ष मानहानि का केस दायर करने की धमकी देकर हताशा को दर्शा रहे हैं। यह बातें कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कही। मालूम हो, नपाध्यक्ष जैन ने स्वयं व तत्कालीन अध्यक्ष रही उनकी प|ी साधना जैन पर शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप को निराधार बताया था। पत्रकारों से चर्चा में नपाध्यक्ष ने कहा कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव व गगन अग्रवाल झूठे आरोप लगाने पर उनसे माफी मांगे। माफी नहीं मांगने पर दोनों नेताओं के खिलाफ मानहानि का केस किया जाएगा। इस मामले में पलटवार करते हुए गार्गव ने कहा श्री जैन अपनी गिरती छवि बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा नपाध्यक्ष को पूर्व में उनके कार्यकाल में की अनियमितताओं के कारण तीन वर्ष तक चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा आरटीआई में मिले दस्तावेजों के आधार पर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा वे श्री जैन की धमकी से नहीं डरेंगे। वे नपा के भ्रष्टाचार को आगे भी जनता की अदालत में रखेंगे।