हरदा। हड़ताल पर बैठे इंजीनियर।
भास्कर संवाददता| हरदा
जिले में विभिन्न विभागों में संविदा पर पदस्थ उप यंत्रियों की 2 मई से बेमियादी हड़ताल पर चल रहे हैं। इंजीनियरों की हड़ताल से सड़क निर्माण, मनरेगा के काम, मूल्यांकन, नहरों की लाइनिंग, भवन निर्माण, पानी की टंकियों का रख-रखाव जैसे कई जरूरी काम प्रभावित होने लगे हैं।
मप्र डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन अध्यक्ष आरबी लौवंशी ने बताया हड़ताल में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, सर्व शिक्षा अभियान, जिला पंचायत और जनपद पंचायत आदि विभागों के उपयंत्री शामिल हैं। सचिव विष्णु पवार ने बताया हड़ताल से मनरेगा में मूल्यांकन काम काज ठप हो गया है। नहरों की लाइनिंग की मानीटरिंग व मूल्यांकन नहीं हो पा रहा है। मंदीप किरार ने बताया हड़ताल से गांवों में नलजल योजना का काम प्रभावित हो रहा है। पेयजल टंकियों का मेंटेनेंस नहीं हो पा रहा है। योगेश गुर्जर व अलकेश ठाकुर ने बताया गांवों ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के माध्यम से बनने वाली सड़कों तथा सरकारी आवासों का काम रुक गया है। सोहित गोयल व दुर्गेश चौधरी ने बताया विभाग में वे लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन पूरा काम करने पर भी सरकार वेतन व दूसरी सुविधाएं देने में भेदभाव कर रही है। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष केके गुर्जर ने बताया मांग पूरी नहीं होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।