नगरपालिका के कर्मचारियों और हाथ ठेला चलाकर हम्माली करने वाले गरीब मजदूरों को हर मौसम में अपनी सेवाएं देनी पड़ती है, तभी उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। 42 डिग्री पारा पार हो चुका है।
गर्म लपटों से लू लगने की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल की सदस्यों ने शनिवार को नपा में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें हम्मालों व नपा के कर्मचारियों को 101 गमछों का वितरण किया। भाजपा पार्षद एवं अभा मारवाड़ी महिला मंडल की सदस्य अनीता अग्रवाल व शाखा की पूर्व अध्यक्ष साधना जैन ने बताया नपा के कर्मचारी बारहों महीने काम करते हैं।
शहर की सफाई में उनका सबसे बड़ा योगदान है। जिससे आज शहर साफ सुथरा रहने लगा है। गर्मी में भी सुबह से शाम तक मौसम से बेपरवाह होकर ड्यूटी करते हैं। ऐसे में उनकी सेहत व उनके परिवार के बारे में सोचना हमारा कर्तव्य है। अग्रवाल ने बताया अभा महिला मंडल ने करीब 8 हजार रुपए खर्च कर नपा के कर्मचारियों व हम्मालों को गमछों का वितरण किया। बारिश में वे हर साल रेन कोट व जूतों का वितरण करती हैं। जिससे वे मौसम की मार से सुरक्षित रहें। इस दौरान कोषाध्यक्ष सीमा काबरा, सीमा जैन, शोभा बांगड़, मधुबाला बांगड़, सजनी चांडक, डिंपल सराफ, संतोष अग्रवाल (कट) आदि मौजूद रहे।