हरदा| मुख्य पोस्ट ऑफिस में तीन दिनों से सर्वर डाउन होने से उपभोक्ता रजिस्ट्री नहीं कर पा रहे हैं। पोस्ट ऑफिस के अधिकारी भी इसका कोई संतोषजनक जवाब देने के बजाय तकनीकी खामी बनाकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
एडवोकेट प्रकाश टांक ने बताया वे शनिवार को रजिस्टर्ड डाक से कुछ सामग्री भेजने बड़े पोस्ट ऑफिस गए थे। लेकिन सर्वर डाउन होने का हवाला देकर रजिस्ट्री नहीं की। टांक ने बताया यह शहर का मुख्य पोस्ट ऑफिस है, इसके बावजूद यहां सर्वर का हर कभी डाउन होना आम बात है। इसका कोई विकल्प भी नहीं है। एडवोकेट शैलेंद्र जोशी ने बताया टिकट का भी अक्सर यहां टोटा रहता है। शहर में जितनी टिकट की जरूरत होती है उसके अनुसार यहां के अधिकारी-कर्मचारी होशंगाबाद या भोपाल सर्किल को डिमांड ही नहीं भेजते। इस कारण टिकट का टोटा रहता है। जान पहचान के लोगों को ये ज्यादा मात्रा में दे दी जाती है फिर वे ज्यादा कीमत में बेचते हैं।