हरिहरगंज | नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की उड़नदस्ता टीम ने शनिवार को कौआखोह ग्राम के बाल किशोर सिंह इंटर कालेज परीक्षा केन्द्र पर स्नातक परीक्षा की दूसरी पाली का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने नकल के आरोप में चार परीक्षार्थियों को परीक्षा से निष्कासित किया। इनमें राजनीतिक विज्ञान के दो तथा भूगोल शास्त्र के दो परीक्षार्थी शामिल हैं। उड़न दस्ता टीम में शामिल डाॅ. सतेन्द्र कुमार सिंह तथा कुमार वीरेंद्र ने हर हाल में नकल मुक्त परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश केंद्राधीक्षक शिव कुमार जायसवाल को दिया।
उन्होंने कहा कि नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। साथ ही परीक्षा कक्ष के बाहर घड़ा में पानी, ग्लूकोज, नींबू पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखा जाए। वहीं सदस्यों ने शांतिपूर्ण तथा नकल मुक्त परीक्षा संचालन में शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों से सहयोग की अपील की है। इस अवसर पर दंडाधिकारी अभय कुमार सिंह, प्रो. अरविंद कुमार सिंह सहित कई काॅलेजकर्मी उपस्थित थे।