हरनावदाशाहजी. कस्बे में सहकारी समिति की चुनाव प्रक्रिया के विरोध के चलते गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया करने आए निर्वाचन अधिकारी तीन घंटे तक प्रत्याशियों की बाट जोहते रहे, जबकि दोपहर 1 बजे तक एक भी नामांकन नहीं आने के बाद चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। इधर, सहकारी मिनी बैंक के खातेदार अपने रुपए की मांग को लेकर चुनाव प्रक्रिया के विरोध को लेकर सहकारी समिति के बाहर डटे रहे। इस दौरान थानाधिकारी रामहेतार पार्थ मत जाब्ता एवं नायब तहसीलदार मदन गोपाल शर्मा भी उपस्थित रहे। निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि निर्धारित समय सुबह दस बजे नामांकन फाॅर्म देने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। कुल 78 उम्मीदवारों की लिस्ट सहकारी समिति भवन पर कुछ दिनों पहले चस्पा पर दी गई थी। जिनमें से एक भी उम्मीदवार ने दावेदारी के लिए आवेदन दाखिल नहीं किया।
कस्बे के लोगों का कहना था कि उनके खातों की जमा पूंजी सहकारी पिछले चार साल से नहीं लौटा रही है। ऐसे में रुपए की खातिर लोगों को भटकना पड़ रहा है। सहकारी समिति के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद आक्रोशित लोगों ने पहले तो सहकारी समिति के मुख्यद्वार पर तालाबंदी कर चुनाव प्रक्रिया का विरोध जताया, लेकिन शाम को पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद ताला तो खोल दिया, लेकिन गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान अधिकारी ने सुबह समय पर पहुंचकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों के विरोध के चलते नामांकन भरने के लिए कोई आगे नहीं आया और चुनाव प्रक्रिया स्थगित हो गई। लेनदार लोगों का कहना है कि रुपए देने की कार्रवाई जल्दी नहीं की गई, तो आंदोलनात्मक रवैया अपनाया जाएगा। इस दौरान कार्यवाहक व्यवस्थापक ललित कुमार धनकर तथा स्थानीय कर्मचारी चेतन प्रजापति आदि मौजूद रहे।