प्रशासन की नाक के नीचे रात में यूपी भेजी जा रही है अवैध रेत
क्षेत्र में एक बार फिर रेत का अवैध कारोबार उफान पर आ गया है, विभिन्न घाटों से रेत का उत्खनन करने के बाद वाहनों से बड़ी मात्रा में रेत बाहर पहुंचाई जाती है। सबकुछ प्रशासन की नाक के नीचे होता है, इसके बावजूद इस काले कारोबार पर प्रशासन नकेल नहीं कस पा रहा है।
हरपालपुर क्षेत्र के ग्राम परेथा, इमलिया, मवैया, अमां, भदर्रा, महेड़, चुरवारी क्षेत्रों में रेत का अवैध कारोबार फलफूल रहा है। अालीपुरा के खकौरा घाट से अवैध रेत का उत्खनन कर हाइवे किनारे खाली पड़े खेतों पर भंडारण किया जाता है। भंडारण से ट्रकों पर लोड करके रेत को उत्तर प्रदेश की ओर भेजा जा रहा है। इन भंडारणों से रात के अंधेरे में ट्रैक्टर ट्राली, ट्रक, डंपर लोड कर रेत का बड़़े पैमाने पर परिहवन किया जा रहा है। देर शाम करीब 8 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों से रेत का परिवहन चलता है। आलीपुरा से ट्रेक्टरों के माध्यम से हरपालपुर तक खुलेआम रेत को पहुंचाया जाता है। रेत कारोबारी फर्जी पिटपास के जरिए यूपी के शहरों में रेत पहुंचाते हैं। यूपी सीमा पार कराने के एवज में ट्रक वालों से तैनात दलाल मौटी रकम भी वसूल करते हैं। यह रेत कारोबारी नदी नालों का सीना छलनी का रेत निकाल कर पर्यावरणीय नुकसान पहुंचा रहे हैं, वहीं शासन को लाखों के राजस्व की क्षति पहुंचा रहे हैं।
सब नजर के सामने, फिर भी नहीं होती कार्रवाई: रेत का अवैध कारोबार पुलिस एवं प्रशासन के चुनौती बन गया है। हालांकि रात दिन रेत के हो रहे उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के पीछे पुलिस एवं प्रशासन की मिलीभगत से भी इंकार नहीं किया जा सकता। यही कारण है कि सबकुछ जानते हुए रेत के वाहनों पर कार्रवाई नहीं होती, अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं होती। यहां बता दें कि अगर इस अवैध धंधे के खिलाफ आवाज उठाई जाती है तो रेत माफिया ऊंची पहुंच के चलते धमकाने से बाज नहीं आते।
साहब कहते हैं कि होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी अमित कुमार जादाैन का कहना है कि रेत के अवैध कारोबार की जानकारी मिली है, मैं पटवारी और तहसीलदार को लेकर अवैध रेत डंप की जब्ती बनवा कर उस पर कार्रवाई करूंगा। वहीं अलिपुरा थाना प्रभारी संजय वेदिया का कहना है कि यदि मेरी थाना सीमा से रेत का ट्रैक्टर एवं ट्रालियों द्वारा अवैध परिवहन हो रहा है तो मैं उस पर रात्रि में ही कार्रवाई करूंगा। इस मामले में नाैगांव तहसीलदार जिया फातिमा बोली की उन्हें इसकी जानकारी मिली है, मैं शीध्र कार्रवाई करूंगी। पहले भी क्षेत्र में रेत कारोबारियों पर कार्रवाई कर चुकी हूं।
हरपालपुर। शाम होते ही रेत से भरे ट्रेक्टर दौड़ने लगते हैं।