तहसीलदार और अमले पर हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
पुनासा | एसडीएम के आदेश पर काल्याखेड़ी में एक महिला को उसकी जमीन का कब्जा दिलाने पहुंचीं तहसीलदार और अमले पर लकड़ी अौर पत्थरों से हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दो आरोपी अब भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। काल्याखेड़ी निवासी अनोखी बाई को उसकी जमीन का कब्जा दिलाने के लिए 26 अप्रैल को पुनासा तहसीलदार स्वाति मिश्रा राजस्व अमले और पुलिस के साथ गांव पहुंचीं थीं। इस दौरान उन पर सात आरोपियों ने लकड़ी और पत्थरों से हमला कर दिया था। मामले में एक आरोपी गब्बर को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। मुखबीर की सूचना पर सोमवार सुबह 5.40 बजे चौकी प्रभारी जीपी कन्हेल, आरक्षक भगवान, मंगल और महिला आरक्षक कला डामोर के साथ आरोपियों के घर पर दबिश देकर सुभद्राबाई, राम, सुभाष और संतोष बाई को गिरफ्तार किया। आरोपी शिवराम और विजय फरार हैं।
पुनर्वास स्थल में बनेगी मुख्य और बाह्य सड़कें, मंत्री शाह आज करेंगे काम का शुभारंभ
हरसूद | बुधवार सुबह 11 बजे पटाखा बाजार में स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह पुनर्वास स्थल की मुख्य, बाह्य और आंतरिक सड़कों के कार्य का शुभारंभ करेंगे। अध्यक्षता नप अध्यक्ष पुष्पा पटेल रहेंगी। विशेष अतिथि मंडी अध्यक्ष कमल पटेल, जप अध्यक्ष तुलसीराम नागर, जिला महामंत्री संतोष सोनी, कमल खंडेलवाल, फरीद खान, गुलाबचंद सोनी, विजय मंत्री रहेंगे। मंत्री शाह के मुख्य आतिथ्य में 13.24 करोड़ की 69.30 किमी सड़कों का उन्नयन होगा।