- Hindi News
- National
- वनाधिकार अधिनियम 2006 व पांचवीं अनुसूची लागू नहीं कर अजजा वर्ग के साथ अन्याय कर रही सरकार बच्चन
वनाधिकार अधिनियम 2006 व पांचवीं अनुसूची लागू नहीं कर अजजा वर्ग के साथ अन्याय कर रही सरकार - बच्चन
15 साल से प्रदेश में सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार ने फसल बीमा, कर्ज माफी के प्रस्ताव जैसे संवेदनशील विषयों पर निर्णय तो दूर बहस करने से भी बचने का प्रयास किया। यही नहीं वनाधिकार अधिनियम 2006 और पांचवीं अनुसूची लागू करने में शासन की कोताही की वजह से अजजा वर्ग मुख्य धारा से दूर है। मंगलवार को पत्रकार वार्ता में यह बात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बाला बच्चन ने कही। उनके साथ अशोक पटेल भी मौजूद थे।
बाला बच्चन ने कहा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में लाने की तैयारी प्रदेश की जनता कर चुकी है। अध्यक्ष कमलनाथ और संयोजक ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में कार्यकारी अध्यक्षों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी जा चुकी है। समय सीमा में जिला, ब्लाक, सेक्टर तथा मंडल पदाधिकारियों, 230 विधानसभा क्षेत्र के 65 हजार मतदान केंद्रों पर 6.5 लाख कार्यकर्ताओं की तैनाती की जा चुकी है।
चुनाव जीतकर कांग्रेस किसान, आदिवासी, दलित सहित हर वर्ग और युवा बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा निमाड़ के चार जिलों सहित प्रदेश सभी अजजा बहुल क्षेत्रों की जिम्मेदारी मुझे दी गई है। इसी सिलसिले में हरसूद आया हूं। यहां भाजपा ने मतदाताओं से झूठ बोलकर व प्रलोभन देकर लगातार जीत हासिल की है। इस बात हो हरसूद, खालवा, रोशनी क्षेत्र के मतदाता समझ चुके हैं। पहली बार रणनीति के साथ कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। 10-12 स्थानीय नेताओं ने दावेदारी जताई है।
हरसूद को दोहरा लाभ मिलेगा
जीतने वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारेंगे। मंत्री शाह को परास्त करने वाले विधायक से जनता को दोहरा लाभ मिलेगा। हरसूद क्षेत्र में औद्योगिक विकास की प्रचुर संभावना है। संयोग से हमारे पीसीसी चीफ उद्योगपति हैं। ऐसे में हरसूद का औद्योगिक विकास तय है। बाला बच्चन से कांग्रेस सरकार आने पर प्रदेश को पहला आदिवासी मुख्यमंत्री मिलने संबंधी सवाल पर उनकी आंतरिक प्रसन्नता स्पष्ट नजर आई लेकिन उन्होंने टालते हुए कहा इसका निर्णय विधायक दल की बैठक में होगा।
यादव से कोई मनमुटाव नहीं
बच्चन ने कहा मैंने अरुण यादव के पिता के सानिध्य में राजनीति शुरू की है। सालों तक साथ काम किया। यादव से कोई मनमुटाव नहीं हो सकता। कांग्रेस में गुटबाजी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।
बाला बच्चन
230 विधानसभा क्षेत्र के 65 हजार बूथ पर 6.5 लाख कार्यकर्ताओं की तैनाती