ग्राम बेड़ियाखाल में शुक्रवार को 11 केवी लाइन पर करंट से हुई राजा की मौत के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार करने निकले गांव के 200 से ज्यादा ग्रामीण अचानक फीलगुड चौराहा स्थित बिजली कंपनी कार्यालय पहुंच गए। शव रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुबह 8.30 बजे शहरवासी और प्रशासन कुछ समझ पाते तब तक बवाल मच गया था।
ग्रामीण जेई उदयभान कुशवाह, लाइनमैन दीपक साहू तथा हेल्पर राजू के खिलाफ कार्रवाई, छनेरा ग्रिड का पूरा स्टाफ बदलने तथा राजा के परिजन को मुआवजा राशि देने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन दो घंटे चला। एसडीएम जगदीश मेहरा के पहुंचने तथा कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण राजा के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। शनिवार सुबह अचानक शव के साथ आक्रोश जताने के मामले में हरसूद प्रशासन का सूचना तंत्र पूरी तरह विफल साबित हुआ। प्रशासन और पुलिस ग्रामीणों के इस कदम से पूरी तरह अनभिज्ञ नजर आए। प्रदर्शन के 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि एसडीएम मेहरा डेढ़ घंटे बाद। जिम्मेदारों की कथित अनभिज्ञता के चलते ग्रामीण सड़क पर टेंट लगा दिन भर प्रदर्शन की तैयारी में जुट गए। हरसूद ब्लाक में पहली बार हुए इस घटनाक्रम से प्रशासन की सजगता (लापरवाही) भी स्पष्ट हो गई।
सड़ियापानी के 200 ग्रामीणों के आक्रोश से प्रशासन हतप्रभ
दो घंटे तक अफसरों के नहीं आने पर ग्रामीणो ने टेंट में शव रख दिन भर प्रदर्शन की तैयारी कर ली थी।
कार्यालय पर ताला, कर्मी कवरेज से बाहर
शुक्रवार दोपहर राजा की करंट से मत के बाद से ही बिजली कंपनी के छनेरा ग्रिड कार्यालय पर ताला लगा हुआ है। एई पीएन आशापुरे, जेई उदय भान कुशवाह सहित अन्य जिम्मेदार अफसरों के मोबाइल आउट ऑफ कवरेज रहे। घटना को लेकर कंपनी अफसरों की चुप्पी से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। मृतक राजा के पीएम के पूर्व ही परिजन व ग्रामीणों ने जेई व हेल्पर पर कार्रवाई की मांग की थी।
पहले हुई घटना से सबक नहीं लिया
बिजली लाइन मरम्मत के दौरान परमिट के बावजूद करंट से मौत की यह पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व निशानिया, झूम्मरखाली तथा नया हरसूद के सेक्टर 6, 7 में भी ऐसी ही घटनाओं में हेल्पर की मौत और गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद बिजली कंपनी पूर्व के हादसों से सबक नहीं ले रही है। इसका परिणाम राजा की मौत के रूप में फिर सामने आया।
प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम लौटे
एसडीएम जगदीश मेहरा शनिवार सुबह कलेक्टर विशेष गढ़पाले से मिलने के लिए खंडवा के लिए निकल चुके थे। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर रास्ते से लौटकर ग्रामीणों से चर्चा की। ज्ञापन लिया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसडीओपी शशिकांत सरयाम, मंडी अध्यक्ष कमल पटेल, विधायक प्रतिनिधि रामनिवास पटेल, राम पंवार, कमल खंडेलवाल, करण सिंह राजपूत उपस्थित थे।
और इधर...
प्रभारी मंत्री ने हेल्पर को बर्खास्त व लाइनमैन को निलंबित किया
जिले के प्रभारी व ऊर्जा मंत्री पारस जैन शनिवार को खालवा क्षेत्र के दौरे पर थे। वे स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह के साथ संदलपुर में 133 केवी ग्रिड का लोकार्पण करने आए थे। मंत्री शाह ने उन्हें सडिय़ापानी (पुलिस आबादी) के घटनाक्रम से ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया। मंत्री जैन ने मामले की गंभीरता देखते हुए लाइनमैन दीपक साहू को निलंबित तथा हेल्पर राजू को तत्काल बर्खास्त करने के निर्देश दिए। मृतक राजा के परिजन को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने घटना की जांच के आदेश के साथ जेई उदय भान कुशवाह पर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।