प्रदेश में किसान आहत हंै, उसे सब मिलकर राहत दंे: दिनेश गुर्जर
पूरे प्रदेश में आज किसान परेशान हैरान हालत में है, किसान पहले अपनी उपज की देखभाल के लिए खेत की मेड़ों पर रात गुजारता था, आज उसे अपनी उपज का वाजिब दाम मिले इसके लिए मंडी में रात्रि जागरण कर रहा है।
देश और प्रदेश की सरकार किसानों का कर्जा माफ नहीं कर सकी, फसल बीमा के नाम पर कागजी खानापूर्ति जटिल कर दी। किसानों के साथ हर मोड़ पर छलावा हो रहा है। किसान आहत है कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को किसान के इस दुख भरे समय में हर संभव सहयोग देने की आवश्यकता है। यह बात स्थानीय विश्राम गृह में दैनिक भास्कर से चर्चा में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने कही।
श्री गुर्जर ने कहा कि किसानों को पानी देने के नाम पर बड़े बड़े जलाशय का निर्माण कर दलालों के घरों को रोशन कर दिया गया, लेकिन उनके खेत प्यासे पड़े हुए हैं।
बिजली बिल के नाम पर घरों से गैस चूल्हा दैनिक उपयोगी सामग्री भी जब्त कर ली गई है। ये कार्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। जब किसान अपने हक की लड़ाई में आगे आता है तो उसके सीने में गोली दाग दी जाती है।
उन्होंने बताया कि किसान कलश यात्रा किसानों को सहयोग देने एवं भाजपा की किसान विरोधी नीतियों को बताने के लिए पूरे प्रदेश में निकाली जा रही है। इस वार्ता के दौरान जितेंद्र पटेल, अनीता दिलीप खटीक, योगेश सराफ गोलू, राजेश यादव, आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं नेता उपस्थित रहे।