पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सदर अस्पताल में दलालों की भीड़, मरीजों को निजी दवाखाना में जाने को उकसाते हैं, समाजसेवी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

सदर अस्पताल में दलालों की भीड़, मरीजों को निजी दवाखाना में जाने को उकसाते हैं, समाजसेवी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
समाजसेवी गणेश कुमार वर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सदर अस्पताल की स्थिति सुधारने की मांग की है। उन्होंने डीसी रविशंकर शुक्ला से भी इस संबंध में शिकायत की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि प्रमंडलीय सदर अस्पताल इन दिनों दलालों की गिरफ्त में है। सुबह होते ही दलाल अस्पताल पहुंच जाते हैं और यहां पहुंचे दूर दराज से आए रोगियों को निशाना बनाते हैं।

दलालों की सक्रियता तब और बढ़ जाती है जब अस्पताल में कोई महिला प्रसव कराने पहुंचती है। खासकर महिला दलाल प्रसव कराने आईं महिलाओं को यह कह कर भड़काती हैं कि यहां इलाज ठीक नहीं होगा। किसी खास नर्सिंग होम का वह पता बताती है और वहां भर्ती हो जाने की नसीहत देती है। पिछले 11 मई को बरही से प्रसव कराने आई महिला मंजू देवी पति लखन राम के साथ ऐसा ही हुआ। महिला दलाल ने अस्पताल के गेट पर ही उसे रोक लिया और उसे समझाया कि बहन जान बचाना हो तो नर्सिंग होम में भर्ती हो जाओ। यहां खैराती में इलाज करने वाला कोई एक्सपीरियंस महिला डॉक्टर नहीं है। यहां महिलाएं प्रसव के दौरान दर्द से कराहती रहती हैं, तुम यहां का इलाज बर्दाश्त नहीं कर पाओगी। बच्चे पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा। इतना सुन महिला ने अपना प्रसव निजी नर्सिंग होम में ही कराना उचित समझा। जबकि निजी नर्सिंग होम में रोगियों के साथ आर्थिक दोहन किया जाता है। लंबा चौड़ा बिल प्रसव के बाद थमा दिया जाता है।

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ विजय शंकर दास ने कहा कि अस्पताल में दलालों की सक्रियता के संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच कराई जाएगी और वैसे लोगों पर शीघ्र कार्रवाई होगी।

खबरें और भी हैं...