अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का मुख्य सरगना समेत पांच अपराधियों को लोहसिंघना पुलिस ने शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेपी कारा भेज दिया। इन्हे विभिन्न ठिकानों से गिरफ्तार किया गया था।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों में छापामारी कर चोरी के नौ वाहनों को बरामद भी किया। एसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि टीम ने सफलता पूर्वक कार्रवाई कर वाहन चोर गिरोह के एक बड़े रैकेट का अंत कर दिया है। बताया कि इस रैकेट का मुख्य सरगना आदित्य जॉन है। कहा 14 मई को निरंजन कुमार द्वारा लोहसिंघना थाना में अज्ञात के विरुद्ध वाहन चोरी का मामला दर्ज कराया गया। इसी की जांच के दौरान गुप्त सूचना पर चोरी गई उक्त मोटरसाइकिल के साथ सरगना आदित्य जॉन को रंगे हाथ पकड़ा गया। इसने अपने रैकेट का खुलासा किया। जिसकी जानकारी एसपी को दी गई। एसपी अनीश गुप्ता ने एक टीम गठित किया। जिसमें सदर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में लोहसिंघना थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी सुमन कुमार, बड़ी बाजार टीओपी प्रभारी स्वर्णलता कुजूर, सअनि उमेश कुमार ठाकुर, अरविंद कुमार एवं थाना के शस्त्र बल को लगाया गया। सरगना आदित्य जॉन के निशानदेही पर छापामारी कर टीम ने रांची निवासी रौशन कुमार को पकड़ा। जिसके निशानदेही पर बालूमात से छह मोटरसाइकिल , रांची से एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया। तीसरे अपराधी के पास से एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया। इसी प्रकार कुल नौ वाहन बरामद किए गए।
गिरफ्तार अपराधी: मुख्य सरगना बड़कागांव के सिंदवारी निवासी वर्तमान पता सदर अस्पताल परिसर का आदित्य जॉन, पण्डरा रांची निवासी रौशन कुमार सिंह, दीपनगर पंडरा रांची निवासी विशाल कुमार वर्मा उर्फ विक्की, नगवां हजारीबाग निवासी विवेक कुमार मेहता एवं पदमा के गौरिया करमा निवासी चंदन कुमार हैं। जिन्हें आज जेल भेजा गया। इनके पास से दो पैशन प्रो, तीन स्पलेंडर प्रो, तीन अपाची, एक स्कूटी और मोटरसाइकिल की डुप्लीकेट मास्टर चाभी बरामद किया गया। एसपी गुप्ता ने बताया कि यह गिरोह शहर व आस पास के इलाकों के अलावा सदर अस्पताल परिसर से वाहन की चोरी कर विभिन्न जिलों में सस्ते दामों पर खपाने का काम करता था। इस रैकेट के सारे अपराधी पकड़े गए। बरामद वाहनों की पहचान इंजन व चेचिस नंबरों से की जा रही है। कहा कि यह बड़ी सफलता है। टीम को रिवार्ड दिया जाएगा।