उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने चार अलग अलग जांच कमेटी गठित कर गुरुवार को सदर अस्पताल का सघन जांच कराया और शुक्रवार को भारी बदलाव कर दिया। गुरुवार को 12 बजे से शाम छह बजे तक जांच करने के बाद डीसी रात में दोबारा सीएस कार्यालय पहुंचे और 11 बजे रात तक सारे दस्तावेज को खंगाला। इस दौरान लैपटॉप व कंप्यूटर में लोड सारे डाक्युमेंट्स संग्रह किया।
शुक्रवार को दिन भर जिला स्वास्थ्य समिति व गठित समिति के साथ मंत्रणा किया जहां भारी गड़बड़ी पाए जाने की बात सामने आई। इसको लेकर उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए कड़ा रूख अख्तियार किया। प्रथम चरण में 22 बिंदुओं पर निर्देश जारी किया और चिकित्सक समेत 29 स्वास्थ्यकर्मियों को इधर से उधर कर दिया। बताया कि अभी यह कार्रवाई का पहला चरण है अभी काफी बदलाव होंगे। इस कड़ी में सदर अस्पताल का डीएस का प्रभार डाॅ. विजय शंकर को दिया गया वहीं अस्पताल मैनेजर मो. मुर्शीद का डाटा मैनेजर के साथ साठगांठ के संदेह में सदर अस्पताल से हटाते हुए बड़कागांव सीएचसी की व्यवस्था सुधारने के लिए भेजा गया।
इन बिंदुओं पर दिया गया निर्देश: सीएस कार्यालय को 48 घंटे के भीतर नए भवन में शिफ्ट कराने, डीएस कार्यालय को ओपीडी में शिफ्ट कराने, अस्पताल मैनेजर का ऑफिस ओपीडी या नए भवन में शिफ्ट कराने, कुपोषण वार्ड के उपरी तल्ला पर पीआईयू कार्यालय को खाली कर दूसरे कमरे में शिफ्ट कराने व उक्त कमरे में अतिरिक्त वेड लगाकर क्षमता वद्र्धन करने, सीएस कार्यालय के सभागार का फर्नीचर व साउंड सिस्टम अविलंब ठीक कराने, अस्पताल परिसर से सदर पीएचसी को हटाकर ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित करने, क्रय किए गए व राज्य से प्राप्त सभी उपकरण प्रचार प्रसार सामग्री को दो दिनों के भीतर सभी सीएचसी पीएचसी में भेजने व उसकी उपयोगिता सुनिश्चित करने, ओपीडी के लिए मरीजों के रजिस्ट्रेशन ऑन लाईन कराना सुनिश्चित करते हुए कम्पयूटर ऑपरेटर बहाली के लिए वाक इन इन्टरव्यू का विज्ञापन निकालने, आउट सोर्सिंग एजेंसियों के क्रिया कलाप को असंतोषजनक पाया गया इसलिए कारण पृक्ष्या करने व अनुबंध समाप्ति के आलोक में एजेंसी का चयन करने के लिए निविदा निकालने, सोशल वर्कर विकास कुमार को एएनएम, सहिया व आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रखंडों में जाकर प्रशिक्षित करने, अस्पताल में संग्रहित यूजर फी का संधारण तथा खर्च एवं जेएसएस के तथा अन्य क्रय का अंकेक्षण कराने, सदर अस्पताल में बिचौलियों को रोकने व मरीजों के पास अधिक भीड़ नहीं हो इसलिए अटेंडेंट को पास निर्गत कराने, ओपीडी में मरीजों का इलाज व दवा वितरण का रजिस्ट्रेशन नंबर प्रिंट करा कर रखने, अस्पताल कर्मियों के अलावा अन्य के वाहनों को केशव हॉल समीप पार्किंग में लगाना सुनिश्चित करने, गंभीर मरीजों के लिए 24 घंटे स्ट्रेचर, ट्रॉली व स्वास्थ्यकर्मी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सदर अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट, महिला चिकित्सक, निश्चेतक एवं मनोचिकित्सक को संविदा पर रखने, नेत्र विभाग के ओटी, वार्ड एवं भवन का जीर्णोद्धार कराने, टेली मेडिसिन से मरीजों का इलाज करने के लिए बीएसएफ के चिकित्सक डा सामांचल होता से संपर्क करने और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की कमी को देखते हुए जिला स्तर पर नियुक्ति के लिए कमेटी का गठन करने जिसमें सीएस, अपर समाहर्ता, एसडीओ, जिला लेखा पदाधिकारी डीएस को रखा गया है के द्वारा नियुक्ति की प्रक्रिया पूरा करने और सदर अस्पताल में मरीजों का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन कराने के लिए अन्य जिला से शॉफ्ट वेयर प्राप्त करने व जेम पोर्टल से पांच कंप्यूटर खरीदने और यूजर चार्ज से प्राप्त राशि से भुगतान करने का निर्णय लिया गया। जिस पर त्वरित अमल करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया।
उक्त निर्णय में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के साथ एसडीओ आदित्य रंजन, सीएस डॉ. विजय शंकर दास, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यपालक दण्डाधिकारी राष्ट्रीय बचत, कार्यपालक दण्डाधिकारी कुमुद झा, डीएमओ, विशेष आमंत्रित सदस्य डाॅ. मेजर पीके सिन्हा, डाॅ. विजय शंकर, क्षेत्रीय समन्वयक नंदजी दूबे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शामिल थे।
अब सदर अस्पताल मंे मरीजों का होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन : डीसी
सीएस डॉ. विजय शंकर दास।
इन्हें किया गया इधर से उधर
डॉ. मेजर पीके सिन्हा एसीएमओ, डॉ. विजय शंकर डीएस, डॉ. प्रवीण नाथ सदर सीएचसी प्रभारी, डॉ. दिलीप पासवान चलकुशा पीएचसी प्रभारी, डॉ. रजनीकांत बरकटठा सीएचसी प्रभारी, डॉ. नागेंद्र चौधरी सुल्ताना पीएचसी प्रभारी, डॉ. सुभाष प्रसाद एसएनसीयू व डा एसआरदांगी के इसी माह सेवानिवृति के बाद कुपोषण केंद्र प्रभारी, डॉ. अशोक कुमार को दारू पीएचसी प्रभारी बनाया गया। जबकि डीपीएम प्रतिमा कुमारी को अस्पताल मैनेजर का अतिरिक्त प्रभार, कुष्ठ विभाग के उपेंद्र दास को मैनेजर का सहयोगी, मूलचंद यादव को मैनेजर का सहयोगी, एनआरएचएम का डीडीएम अखिलेश कुमार को बरही अनुमंडलीय अस्पताल में डाटा संकलन करने, आईडीएसपी रूपलाल को हजारीबाग डीडीएम, अस्पताल मैनेजर मो. मुर्शीद को बड़कागांव सीएचसी, इपीड्रमोलॉजिस्ट डा सुगंध सौरभ को जन शिकायत निवारण व डाटा संधारण एवं ओपीडी इंचार्ज का अतिरिक्त प्रभार, आरडीडी कार्यालय के राजकुमार को सीएस कार्यालय का लिपिक,सीएस कार्यालय का लिपिक विजय कुमार को आरडीडी कार्यालय, सीएस कार्यालय के लिपिक राकेश कुमार को बरकटठा सीएचसी, बरकटठा सीएचसी लिपिक मिथिलेश कुमार को सीएस कार्यालय लिपिक, चौपारण सीएचसी लिपिक रविरंजन कुमार को डीएस कार्यालय, डीएस कार्यालय लिपिक श्रवण कुमार को पीएचसी आंगो, सदर अस्पताल के स्टाफ नर्स किरण कुमार व प्रेमलता को शहरी परिवार कल्याण केंद्र मटवारी, विन्दु कुमारी को शहरी परिवार केंद्र कुम्हारटोली, मटवारी की स्टाफ नर्स विनिता टोप्पो व मृदुला गीद्ध को सदर अस्पताल एवं कुम्हारटोली की स्टाफ नर्स रीता कुमारी को सदर अस्पताल भेजा गया यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है। यह जानकारी सीएस डा विजय शंकर दास ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में दी।