भराजो पंचायत के अमनारी गांव में तालाब का गहरीकरण जलछाजन विभाग हजारीबाग से किया गया। अमनारी गांव के इस तालाब में नियमानुसार गहरीकरण ना कराकर बहुत ही कम गहरीकरण का कार्य कराया गया। इस तालाब को अमनारी गांव के हरी महतो, इब्राहीम अंसारी और जितेन्द्र पासवान ने संयुक्त रूप से मिलकर जलछाजन से तालाब को 30 लाख रुपए की लागत से गहरीकरण कार्य करवाया है।
गहरीकरण के बावत अमनारी तालाब के ठेकेदार हरी महतो, इब्राहिम अंसारी और जितेन्द्र पासवान से एक-एक कर इस तालाब के मेड़ पर मिट्टी का जमाव करने, वास्तविक इस्टीमेट, गहरीकरण की गहराई के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि सारी जानकारी हजारीबाग जलछाजन विभाग से प्राप्त कर लें। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि तीनों ठेकेदारों से तालाब गहरीकरण में अनियमितता की शिकायत की गई तो उसने जवाब देने से इंकार करते हुए भगा दिया।
क्षुब्ध होकर अमनारी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं हजारीबाग डीसी रवि शंकर शुक्ला को त्राहिमाम पत्र लिखा है। जिसमें अमनारी तालाब के गहरीकरण कार्य, तालाब के मेड़ में मिट्टी को चारों ओर फेंकने समेत तालाब से संबंधित सारे मामले का उच्च स्तरीय जांच कराकर जिला जलछाजन पदाधिकारी, इस तालाब के इंजीनियर तथा तीनों ठेकेदार पर उचित कार्रवाई की मांग की है।