सीआईटीयू मनाएगी स्थापना दिवस, 31 को देगी धरना
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन की जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक कविता सरकार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सीआईटीयू का 49वां स्थापना दिवस 30 मई 18 को जिले की तमाम यूनियन अपनी शाखाओं में झंडोत्तोलन एवं सभा आयोजित कर मनाएगी और इसकी लिखित जानकारी जिला केंद्र को भेजेगी।
केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानून में पूंजीपतियों के पक्ष में संशोधन करने, रोजगार नीति में परिवर्तन कर फिक्स्ड टर्म एम्प्लायमेंट लागू करने, पारा शिक्षक, रसोईया संयोजिका, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, अनुबंध कर्मियों को सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार समान काम के लिए समान वेतन देने, निर्माण मजदूरों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलवाने आदि सवालों को लेकर 31 मई को उपायुक्त, हजारीबाग के समक्ष धरना आयोजित किया जाएगा। 05 सितंबर 18 को दिल्ली रैली में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए सभी शाखा अपने अपने स्तर से प्रयास करेंगे।
इसके पूर्व जिला सचिव धनेश्वर तुरी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर बहस में सात पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसके बाद सर्वसम्मति प्रतिवेदन को पास कर दिया गया। बैठक में जिला अध्यक्ष देवनाथ महली, उपाध्यक्ष गणेश कुमार सीटू, विपिन कुमार सिन्हा, गुलाब साव, गौतम बनर्जी, ईश्वर महतो, कार्तिक राम एवं विजय मिश्रा उपस्थित थे।
सीआईटीयू की बैठक में शामिल पदधारी।