- Hindi News
- National
- क्षेत्र में सभी सिंचाई योजनाएं बंद हैं, रघुवर सरकार किसानों पर नहीं दे रही है कोई ध्यान : देव दयाल
क्षेत्र में सभी सिंचाई योजनाएं बंद हैं, रघुवर सरकार किसानों पर नहीं दे रही है कोई ध्यान : देव दयाल
पूर्व कृषि मंत्री देव दयाल कुशवाहा ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि झारखंड में कहीं भी लघु सिंचाई योजना नहीं ली जा रही है। 15 वर्ष पूर्व जिले के करीब करीब सभी प्रखंडों में छोटी और मध्यम सिंचाई योजना का निर्माण हुआ।
धीरे धीरे बिजली और सिंचाई योजनाओं की हालत इतनी जर्जर हो गई है कि सभी योजनाएं बंद पड़ी हैं। जनप्रतिनिधियों का ध्यान कृषि और किसान से बिल्कुल हट गया है। लघु और मध्यम सिंचाई कार्यालयों में बड़े पद से लेकर कर्मचारियों के पीछे भारी रकम खर्च हो रहा है लेकिन किसानों को लाभ नहीं हो रहा है। बड़ी सिंचाई योजना कोनार डैम से आजादी के बाद से आज तक खेत में पानी नहीं मिला। किसान और मजदूर खेत खलिहान छोड़कर पलायन कर रहे हैं।
पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में कृषि विभाग का बुरा हाल है। मुख्यमंत्री के तीन साल की उपलब्धि के लेखा जोखा में किसानों के लिए कुछ नहीं है। मीडिया की रिपोर्ट के बाद भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है। नौ करोड़ रुपए के खाद खरीद में भारी गड़बड़ी हुई। विभाग की अनदेखी कर मंत्री ने 4.65 करोड़ का खराब चारा खरीद लिया। स्कूटर व बाइक से ढो दिए 190 क्विंटल धान, 46 किलोग्राम का मिर्च बीज का भुगतान 15 लाख दिखा रहे हैं, राष्ट्रीय कृषि बाजार कारोबार में 56 लाख खर्च दिखा रहे हैं मगर किसानों को पता भी नहीं है। धान खरीद में किसानों का 28 करोड़ बकाया है।
फलस्वरूप किसान साहूकारों के चंगुल में फंसने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि बजट में वायदे बड़े बड़े परन्तु खर्च में बिल्कुल पीछे है। सरकार के पास 5471 करोड़ का कोई हिसाब नहीं है। कहा कि अब चुनाव के पूर्व सिर्फ भावनात्मक बातें उछाल कर सबका ध्यान खींचा जा रहा है। विकास की बातें पीछे छूट गई हैं। प्रेस वार्ता में डा सीपी दांगी, खतियानी परिवार के मो हकीम, देवधारी प्रसाद मेहता, बाबू भाई विद्रोही, मो हंजला हाशमी, अशोक राम, मो इम्तियाज आदि उपस्थित थे।