प्रेशर हॉर्न से फैल रहा है ध्वनि प्रदूषण, रोक लगाएं
हजारीबाग | हजारीबाग जिला शांति समिति के सदस्य सह समाजसेवी राफत हसन ने प्रेशर हॉर्न संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेश को रेखांकित करते हुए उपायुक्त सह सड़क सुरक्षा कमेटी के अध्यक्ष रवि शंकर शुक्ला को एक आवेदन दिया है। आवेदन में पांच प्रमुख बिंदुओं की ओर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। कहा है कि शहर में चलने वाले विभिन्न वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न की कर्कश आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है। इससे आम लोग परेशान हैं। राफत हसन ने जनहित में ऐसे हॉर्न को तत्काल बंद कराने की मांग की है। प्रेशर हॉर्न को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखते हुए राफत हसन ने उपायुक्त से कहा है कि पुलिस प्रशासन एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को इस संबंध में पूर्व में भी आवेदन दिया गया है, पर सुप्रीम कोर्ट के पारित आदेश पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा विभिन्न वाहनों में मल्टी टोन्ड हॉर्न गैर कानूनी तरीके से लगाकर धड़ल्ले से इसका प्रयोग किया जा रहा है। इसका घातक असर समस्त प्राणियों पर पड़ रहा है।