5 जून को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त हो जाएगा शहर
विश्व पर्यावरण दिवस, 05 जून से हजारीबाग में प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह से बंद होगा। अगर कोई पॉलिथीन, प्लास्टिक में सामान बेचता हुआ पाया जाएगा तो अब फाइन नहीं प्रतिष्ठान को बंद कर केस किया जाएगा।
पॉलिथीन के सभी थोक विक्रेता इसे अंतिम चेतावनी समझे। यह बातें हजारीबाग सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह नगर निगम के वरीय प्रभारी आदित्य रंजन ने कही। उन्होंने कहा कि उसी दिन नगर क्षेत्र में एक लाख पौधे लगाने के अभियान का श्रीगणेश होगा, जो शहर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, खाली जगहों आदि में लगाया जाएगा। इस मौके पर निगम महापौर रोशनी तिर्की, उप महापौर राजकुमार लाल, निगम के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार, वार्ड पार्षद, सहायक अभियंता, सिटी मैनेजर, सिटी मिशन मैनेजर व निगम कर्मी उपस्थित थे।
कपड़े का थैला के साथ सेल्फी लेकर वाट्सएप्प पर पोस्ट करने वालों में से लॉटरी करके विजेता को पुरस्कृत किया जाएगा। एसडीओ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलीथीन की जगह कपड़े और कागज के ठोंगों के इस्तेमाल के प्रति आम लोगों में जागरूकता के लिए यह स्कीम चलायी जाएगी। कहा कि नगर निगम द्वारा कपड़े के थैले और कागज के ठोंगे दुकानदारों को नि:शुल्क बांटे गये हैं। पॉलीथीन को रोकने के लिए बनाए गये टीम के द्वारा हर महीने 30-40 हजार रुपए जुर्माने की वसूली की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास के लिए फर्जी आय प्रमाणपत्र देने वालों पर एफआईआर करने का निर्देश दिया गया है। बताया कि कई लोगों ने योजना का लाभ उठाने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र संलग्न किये थे। एेसे 15 लोगों की पहचान की गई है। उन आवेदनों की अनुशंसा करने वाले जनप्रतिनिधियों को शोकॉज करते हुए अागे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि होल्डिंग के लिए जमा किए गए सैफ फार्म का भी सत्यापन किया जा रहा है। गलत सूचना देने वालों से जुर्माना के साथ अतिरिक्त भाग का शुल्क वसूला जाएगा।
बताया कि निगम कार्यालय एक सौ रुपये से अधिक के सभी लेन देन कैशलेस होंगे। निगम में छह पॉश मशीन लगाया गया है। निर्मल महतो पार्क में पॉश मशीन लगाया जा रहा है। खिरगांव में वेंडिंग जोन बनाने का डीपीआर बनाया है जिसे तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। वहां लगभग ढाई सौ दुकान बनेंगे जो फुटपाथ दुकानदारों को आवंटित किये जाएंगे।
एसडीओ ने बताया कि स्वर्ण जयंती कैफेटेरिया पार्क एवं कैफेटेरिया संचालन के लिए नीलामी के लिए पांच बार तारीख रखने पर भी कोई नीलामी में किसी ने रूचि नहीं ली। तब एक व्यक्ति को इसके संचालन का दायित्व देने का निर्णय लिया गया है। एक जून से पार्क चालू हो जाएगा। दिन के 10 बजे से शाम चार बजे तक दो रुपये इंट्री शुल्क रखा गया है। सुबह और शाम में स्वास्थ्य लाभ के लिए आने वालों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। बैठक में वार्ड पार्षदों ने गर्मी में पानी की समस्या की तरफ ध्यान दिलाया, वहीं सफाई के लिए मजदूरों की कमी आदि पर भी चर्चा हुई, जिस पर सात ट्रेक्टरों के रिप्लेसमेंट, मरम्मति तथा अतिरिक्त मजदूर रखने के संबंध में जानकारी दी गई।