लड़की के विवाद में दोस्त को मारी दो गोली, मौत
आपसी विवाद सुलझाने बैठे थे चार दोस्त, एक हिरासत में, दो फरार
भास्कर न्यूज | हजारीबाग
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अमृत नगर में बुधवार को रात सात बजे करीब चार दोस्तों के बीच विवाद हुआ और एक दोस्त ने पिस्टल से अपने ही दोस्त के सीने में दो गोलियां उतार दी। इसमें मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
मृतक अमृतसर निवासी मो सेराज है। जबकि गोली मारने वाला भी उसी गांव निवासी अमृतसर हाई स्कूल के लिपिक रंजीत यादव का पुत्र मनीष कान्त यादव है। घटना के बाद गोली चलाने वाला मनीष और एक दोस्त फैज मौके से फरार हो गया जबकि उनमें से एक राजा नामक युवक पकड़ा गया है।
अब तक जो तथ्य सामने आए हैं उसके मुताबिक फैज, राजा, मृतक सेराज और मुख्य आरोपी मनीष जिगरी दोस्त रहे हैं। कुछ दिनों से सेराज ,राजा और मनीष के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए आज चारों दोस्त जुटे थे। जहां अचानक किसी बात पर गुस्साए मनीष ने सेराज के सीने में दो गोली मार दी।
एसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि सभी आपस में दोस्त थे। एक विटनेस राजा पकड़ाया है। अभी पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया किसी लड़की को लेकर आपसी विवाद में यह घटना घटी है। दो आरोपी फैज और मनीष फरार हैं। शव को कब्जे में ले कर मुफ्फसिल थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अपराध में प्रयुक्त हथियार और फरार दोनों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।