प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर श्री हनुमंत महायज्ञ शुरू
हेरहंज | हेरहंज प्रखंड के नवादा गांव में श्री हनुमंत प्राण-प्रतिष्ठा एवं रूद्र महायज्ञ की शुरुआत रविवार को कलशयात्रा से हुई। जलयात्रा की शुरुआत नवनिर्मित हनुमान मंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप से की गई। उक्त जलयात्रा बाजारटांड़, राधाकृष्ण मंदिर, नवादा बस्ती का भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं का जत्था मंगरदहा नदी में पहुंचा। वहां पर महायज्ञ में आए हुए पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमान जगेश्वर साहू सप|ीक ने जल उठाया। जलयात्रा में महावीरी झंडों के साथ शामिल सैकड़ों बच्चे, बुजुर्ग, महिला-पुरुष, युवक-युवतियां सभी ने धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, जय श्री राम, जय हनुमान के जयकारे भी लगाए। इसके बाद जलयात्रा पुन: उसी मार्ग से होते हुए जलयात्रा यज्ञ मंडप परिसर में पहुंची। गौरतलब हो कि यज्ञाचार्य शेषनारायणचार्य के सान्निध्य में संपन्न होनेवाले इस महायज्ञ का आयोजन नवादा गांव में नवनिर्मित हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर किया गया है। मंदिर का निर्माण गांव के जगेश्वर साहू ने अपने निजी खर्च से कराया है। महायज्ञ को सफल बनाने में समिति के बालचंद साहू, अजीत कुमार, ओम जायसवाल, मोनू जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, पारस जायसवाल, विजय उरांव समेत कई लोगों की भूमिका सराहनीय रही।