यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए उमड़े रहे हैं श्रद्धालु
हेरहंज | हेरहंज प्रखंड के नवादा गांव में सात दिवसीय हनुमान प्राण-प्रतिष्ठा व श्रीरुद्र महायज्ञ में तीसरे दिन मंगलवार को यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। परिक्रमा करने में बच्चे, बुजुर्ग, युवक-युवतियों, महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महायज्ञ परिसर में मीना बाजार, झूला आदि में भी लोगों की भीड़ देखी गई। महायज्ञ 15 अप्रैल से कलशयात्रा से प्रारंभ हुआ है। बुधवार को हनुमान जी की प्रतिमा का पुष्पाधिवास एवं वस्त्राधिवास किया जाएगा। उसके बाद गुरुवार को प्रतिमा का महास्नान व नगर भ्रमण के साथ शैय्याधिवास कराया जाएगा। शुक्रवार को प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद 22 अप्रैल को यज्ञ की पूर्णाहुति व साधु-संतो की विदाई की जाएगी। यह महायज्ञ अनंत विभूषित 1008 श्री शेष नारायणाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न कराया जा रहा है। ज्ञात हो कि महायज्ञ नवादा गांव निवासी जगेश्वर साहू द्वारा निर्माण कराए गए हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर कराया जा रहा है। यज्ञ को सफल बनाने में यज्ञ कमेटी के अजीत कुमार, बालचंद साहू, संजू भोक्ता, दीपक कुमार, मोनू जायसवाल, सोनू जायसवाल, विजय उरांव, संत कुमार पाठक समेत कई लोग सक्रियता से जुटे हैं।