हनुमान जी की प्रतिमा का पुष्पाधिवास-वस्त्राधिवास संपन्न
हेरहंज | हेरहंज प्रखंड के नवादा गांव में चल रहे सात दिवसीय हनुमान प्राण-प्रतिष्ठा सह श्रीरुद्र महायज्ञ के चौथे दिन बुधवार को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के लिए श्रद्धालु सुबह से ही यज्ञ मंडप में पहुंचने लगेे। परिक्रमा करने में बच्चे, बुजुर्ग, महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुरोहितों द्वारा संगीतमयी वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा इलाका गूंज रहा है। चारों तरफ भक्ति की बयार बह रही है। बुधवार को हनुमान जी की प्रतिमा का पुष्पाधिवास एवं वस्त्राधिवास किया गया। गुरुवार को प्रतिमा का महास्नान और नगर भ्रमण के साथ शैय्याधिवास कराया जाएगा। शुक्रवार को प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ रविवार को यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद साधु-संतों की विदाई की जाएगी।