हिंडौली| पंचायत समिति सभागार में शनिवार को विधायक अशोक चांदना की मौजूदगी में जनसुनवाई शुरू हुई। इस दौरान पेच की बावड़ी के बाशिंदे हैंडपंप में आ रहे दूषित को लेकर विधायक के समक्ष पेश हुए। विधायक ने उस दूषित पानी को पिया और कहा कि यह पानी जनता के लिए उपयोगी नहीं है। ऐसे दूषित पानी पीने से लोगों को कई मौसमी बीमारियों के होने का खतरा हो सकता है। साथ ही पेच की बावड़ी के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत द्वारा लगाई गई बोरिंग से लोगों को पानी देने से इनकार करता है। इस पर विधायक ने कहा कि सोमवार तक आपकी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। विधायक ने संबंधित विभाग व बीडीओ को जल्द ही पेच की बावड़ी में हैंडपंप से निकल रहे दूषित पानी व पंचायत के खाते से लगाई गई बोरिंग का उपयोग ग्रामीणों को लेने के लिए कहा।
इससे पहले विधायक चांदना ने पंचायत समिति कोष 5 लाख रुपए की राशि से बनाए प्रवेश द्वार लोकार्पण किया। उसके बाद जनसुनवाई शुरू हुई। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र से आए लोगों ने समस्याओं को विधायक के सामने रखा। जबड़ानयागांव के लोगों ने रोडवेज बस का ठहराव नहीं होने को लेकर विधायक से मिले। जिस पर विधायक ने लोगों को उचित आश्वासन दिया। जन सुनवाई में जिला प्रमुख सोनिया गुर्जर, एसडीएम पूजा सक्सेना, प्रधान ममता गुर्जर, तहसीलदार भावनासिंह, बीडीओ मोहनलाल मीणा समेत कई विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहे।
किसान ने भुगतान को लेकर विधायक से लगाई गुहार
हिंडौली. क्षेत्र के बड़ौदिया निवासी बद्रीलाल ने शनिवार को पंचायत समिति सभागार में हुई जनसुनवाई में विधायक अशोक चांदना के समक्ष गुहार लगाई। जिसमें कहा कि मेरे स्वयं के खेत की उड़द की फसल 9 जनवरी को सहकारी समिति में स्थित कांटे पर बेची थी, लेकिन 4 माह गुजर जाने के बाद भुगतान नहीं मिला। भुगतान के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। विधायक अशोक चांदना से जल्द ही उड़द का समर्थन मूल्य दिलाने की बात कही है।
हिंडौली। पंचायत समिति में जन सुनवाई करते हुए विधायक अशोक चांदना।