हिंदूपुरा| ग्राम पंचायत पीपलवाड़ा से बांसड़ा गांव को जोड़ने वाली रोड की हालात बेहद खराब हो रही है, जिससे राहगीरों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण के बाद से अब तक एक भी बार मेंटीनेंस नहीं किया गया है। बड़े वाहन गुजरने के बाद राहगीरों को धूल के गुबार का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो सड़क की हालात और भी खराब हो जाती है, जिससे निकलने वाले राहगीर फिसलकर चोटिल हो जाते हैं और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क मेंटीनेंस और पुनर्निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत करा दिया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र समस्या समाधान की मांग की है।