प्राइमरी टीचर्स से गैर शैक्षणिक कार्य करवाए जाने पर रोक लगाने की मांग
हरियाणा प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन हिसार खंड प्रथम कार्यकारिणी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी गौतम से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व खंड प्रधान जयपाल कस्वां ने किया। प्रेस प्रवक्ता विनोद रोहिल्ला ने बताया कि बैठक के दौरान प्राइमरी टीचर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं व मुद्दों पर चर्चा की गई। खंड प्रधान जयपाल कस्वां ने बीईओ के समक्ष यह मांग उठाई कि खंड स्तर पर जेबीटी से जुड़े किसी भी कार्य को रुकने न दिया जाए, ताकि शिक्षक बिना किसी परेशानी अध्यापन कार्य करवा सके। इसके साथ ही उन्होंने मांग उठाई कि जेबीटी से लिए जा रहे अनावश्यक डाक व अन्य गैर शैक्षणिक कार्यों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षकों से जुड़े अन्य मामलों को भी प्रमुखता के साथ उठाया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि खंड स्तर पर प्राथमिक शिक्षकों के किसी भी कार्य को लंबित नहीं रखा जाएगा। राज्य महासचिव बलजीत पूनिया व जिला प्रधान रणधीर बूरा ने संगठन की गतिविधियों के बारे में खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया। इस मौके पर शकुंतला, उषा रानी, पुरुषोत्तम, राजेश यादव, विरेंद्र अहलावत, राजेश नहरा, विजय गिरधर, धर्मवीर सहरावत, लक्ष्मण श्योराण आदि शिक्षक मौजूद थे।