सेक्टरों में सड़कों की मरम्मत के लिए 13.55 करोड़ मंजूर
सड़कों के गड्ढों से निजात पाने की उम्मीद लगाए बैठे सेक्टरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम अब 13.55 करोड़ से हिसार के 12 सेक्टरों में गड्ढे भरवाएगा। इसके लिए शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा (यूएलबी) ने सेक्टरों में सड़कों की मरम्मत व अन्य सुविधाओं के लिए 13.55 करोड़ रुपए की राशि को स्वीकृति दे दी है। अब टेक्नीकल अप्रूवल के बाद टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ाई जाएगी।
बता दें कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से शहरी स्थानीय निकाय विभाग को दिए गए सेक्टरों में सड़कों की विशेष मरम्मत की जाएगी। इसके लिए 20 शहरों के 163 सेक्टरों की विशेष मरम्मत के लिए 265 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी है। जिसमें हिसार के 12 सेक्टरों में 13.55 करोड़ की राशि को मंजूरी मिली है। इससे पूर्व इन्हीं सेक्टरों के लिए 7 करोड़ से विकास कार्य की मंजूरी के तहत कार्य किया गया। इसके बाद जो सेक्टर की सड़कें शेष रह गई थी उनकी विशेष मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
दरअसल, सेक्टरों के लोग पिछले करीब 3 साल से गड्ढों के कारण परेशानी झेल रहे हैं। सेक्टर 9-11 के प्रधान प्रवीन जैन, प्रधान जितेंद्र, पूर्व प्रधान सुभाष सैनी, अमित ग्रोवर, त्रिलोक बंसल, एडवोकेट अनिल जलंधरा ने कहा कि शहर के सेक्टरों की बड़े स्तर पर सड़कों में गड्ढे है। सेक्टर में गड्ढों व सड़क पर बिखरी रोडिय़ों के कारण कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। गड्ढो की परेशानी के समाधान के लिए सेक्टरवासी कई बार प्रदर्शन भी कर चुके है। अपनी समस्याएं सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रख चुके हैं। पार्षद महेंद्र जुनेजा ने कहा कि विधायक डाॅ. कमल गुप्ता के माध्यम से 7 करोड़ रुपए निगम प्रशासन को मिले तो सेक्टरों की सड़कों की विशेष मरम्मत शुरू हो पाई थी। सेक्टरों की जो सड़कें बदहाल है उनके बारे में भी विधायक व प्रशासनिक अधिकारियों से पार्षद व सेक्टरवासी मांग कर चुके हंै।
शहर के 12 सेक्टरों में बदहाल सड़कें परेशानी का सबब बन रही हैं, टेक्निकल अप्रूवल के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
सेक्टर की बदहाल सड़क।
प्रोजेक्ट यूएलबी को भेजा
सेक्टरों की विशेष मरम्मत के लिए 13.55 करोड़ का प्रोजेक्ट यूएलबी को भेजा हुआ है। शहर के सेक्टरों की सड़कों काे दुरुस्त करवाया जाएगा।\\\'\\\' विवेक गिल, एक्सइएन, नगर निगम हिसार।
यहां की सड़कें होंगी दुरुस्त
सेक्टर विशेष मरम्मत कार्य की राशि (लाख में)
सेक्टर 13-पी 75.86
सेक्टर 16-17 246.63
पीएलए 30.46
सेक्टर-14 640
सेक्टर 15-ए 66.70
अर्बन एस्टेट 98.85
मेला ग्राउंड एरिया 39.34
सेक्टर 9-11 157.66