फिर बदल सकता है मौसम बूंदाबांदी की है संभावना
इन दिनों मंडियों में गेहूं पहुंच रही है। खराब मौसम किसानों की परेशानी बढ़ा सकता है।
भास्कर न्यूज | हिसार
मौसम फिर से करवट लेगा। मौसम विभाग के अनुसार 16 व 17 अप्रैल को जिला में फिर से तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। शहर का शनिवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में वीरवार को 2.4 एमएम हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आई थी जो शनिवार को फिर सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक बढ़ गया। न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई यानी रात में तापमान सामान्य से नीचा रहा।
एचएयू के मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि 15 अप्रैल तक मौसम खुश्क रहेगा। इसके बाद आगे दो दिन यानी 16 व 17 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। एचएयू के विज्ञानिकों ने कहा है कि गेहूं की कटाई कढ़ाई का समय है। संभावित बूंदाबांदी को देखते हुए व्यवस्था फसल को ढकने अथवा एकत्रित कर बांधने का प्रबंध करें और तूड़ी को ढककर रखें।