सेक्टर 15 में दूषित पानी पीने से लोग हो रहे बीमार
पेयजल की आपूर्ति तो छोड़िए पब्लिक हेल्थ विभाग पानी की लाइनों की मॉनीटरिंग भी ठीक से नहीं कर पा रहा है। हाल यह है कि सेक्टर 15 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पिछले 13 दिन से लोग सीवर का मिक्स पानी पीने को मजबूर हैं। गंदा पानी पीने से कई लोग बीमार भी हो रहे हैं। लोगों की मानें तो ऐसा पहली बार नहीं बल्कि कई बार हो चुका है।
जनस्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल का यह महकमा भी है, इस कारण इस शिकायत पर 21 मई को जनपरिवाद समिति की बैठक में 11 बजे सुनवाई होगी। बैठक में कुल 14 मामले लिए गए हैं जिसमें से 4 पुराने व 10 नए मामले शामिल हैं। वहीं सेक्टर 13 में एक रेस्टोरेंट के बेसमेंट में लगभग 150 डीबीए की आवाज में डीजी साउंड चलाया जाता है। इसके समीप ही एक कोचिंग सेंटर है, साउंड के शोर व वाइब्रेशन के कारण बच्चों को सिर दर्द व माइग्रेन जैसी समस्याएं हो रही हैं, इधर रेस्टोरेंट संचालक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है। मामले की शिकायत पुलिस को की गई मगर कोई कार्रवाई नहीं हुईं।
यू टर्न से बचने को गलत साइड चलाई बस, बच्चे के सिर में घुसी रॉड
गांव गोरछी निवासी शिकायतकर्ता ने बताया है कि 17 फरवरी को उनका बेटा स्कूल बस से घर आ रहा था, तभी यू टर्न से बचने के लिए बस के ड्राइवर ने गलत साइड से बस चलानी शुरू कर दी। इसका परिणाम यह हुआ कि बस एक ट्रक से टकरा गई जिसमें बच्चे के सिर में सरिया घुसकर आरपार हो गया। इस दुर्घटना के बाद एक कंपाउंडर नियमित तौर पर बच्चे की देखरेख करता है। यह पीड़ा कम होती इससे पहले स्कूल ने केस दर्ज कराने पर बच्चे को आगे दाखिला नहीं दिया।
10 महीने से अंधेरे में पढ़ रहे बच्चे
ग्राम पंचायत कैमरी में ढाणी वाली स्कूल में बिजली कनेक्शन कटे लगभग 10 महीने हो चुके हैं, जिससे छोटे-छोटे बच्चों की बड़ी दिक्कत है। स्कूल प्रशासन ने बिजली का बिल नहीं भरा तो बिजली निगम ने कनेक्शन काट दिया। अब बच्चों को अंधेरे व गर्मी में पढ़ना पड़ रहा है। स्कूल में बिजली कनेक्शन के लिए गांव के लोगों को शिक्षा विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
इन पुरानी शिकायतों पर होगी सुनवाई
1. दि हिसार स्कॉलर सोसायटी द्वारा काटे गए प्लाॅटों पर 34 वर्षों से कोई विकास नहीं हुआ, खरीदारों के साथ कई प्रकार की गड़बड़ियां की गई हैं। मामले को लेकर कोर्ट ने समित के पदाधिकारियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है।
2. पंचकूला एसपी द्वारा हिसार के सेक्टर 14 में रहने वाले परिवार को डराने के मामले को लेकर आईजी स्तर के अधिकारियों द्वारा जांच की रिपोर्ट दी जाएगी।
3. न्यू मॉडल टाउन में एक घर के पास कूड़ा डालने को लेकर पुलिस धारा बदलने के आरोपों को लेकर सुनवाई।
4. मोहल्ला डोगरान निवासी सविता रानी के सहकारी समिति से राशि दिलाने को लेकर समिति का गठन पूर्व में राज्य मंत्री ने किया था, इस मामले में आगामी रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी है।