साढ़े 5 लाख रुपए के ग्लूकोज से लोड गाड़ी लेकर चालक फरार
हिसार | सिविल लाइन थाना पुलिस ने भिवानी रोहिल्ला निवासी सुभाष चंद्र की शिकायत पर लुधियाना वासी गाड़ी चालक यादविंद्र के खिलाफ साढ़े 5 लाख रुपए कीमत के ग्लूकोज से लोड गाड़ी लेकर फरार होने पर अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। पुलिस को सुभाष ने बताया कि उसकी चौधरी लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट कंपनी है। उसके पास 30 गाड़ियां हैं। ट्रांसपोर्ट में आयशर कैंटर का चालक बलदेव नगर, अम्बाला वासी रजत शर्मा पिछले एक साल से उसके पास काम कर रहा है। वह 9 मई को भानू चौक स्थित ट्रांसपोर्ट कार्यालय में गाड़ी छोड़कर गया था। वह कहकर गया था कि ताऊ का निधन हो गया है। इसलिए घर जा रहा हूं। 11 मई की शाम को मुंशी संजय कुमार के पास रजत शर्मा का फोन आया था। वह बोला कि ड्राइवर भेज रहा हूं। शाम छह बजे कार्यालय में ड्राइवर आया। इस पर मुंशी संजय कुमार ने शीशमहल के पास कंपनी से साढ़े 5 लाख रुपए कीमत का ग्लूकोज लोड करवाकर ड्राइवर को 1000 रुपये की पेशगी व बिल बिल्टी देकर गुरुग्राम के लिए रवाना कर दिया था। सुभाष चंद्र का आरोप है कि रामायण गांव के पास टोल तक कैंटर के जीपीएस ने काम किया और फिर बंद हो गया। इसके बाद न तो ड्राइवर लौटा और न माल गुरुग्राम पहुंचा। गाड़ी व चालक की तलाश की लेकिन नहीं मिला। इसके चलते पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज करवा दिया।