47 दिन से ट्विटर पर सीएम को शिकायतें, प्रेम नगर में नहीं खुली सीवरेज लाइन
सीएम विंडो व अधिकारियों से शिकायतों के बाद समाधान न होने से परेशान प्रीति नगर निवासियों ने सीएम ऑफिस को सोशल मीडिया पर लगातार शिकायतें भेजनी शुरू की। ट्विटर पर पिछले 47 दिनों से भेजी जा रही सीवरेज जाम की स्थिति से अधिकारियों ने निपटने की बात तो कह दी, लेकिन सीवरेज के हॉल जस के तस है। इसी क्षेत्र में स्थानीय विधायक डाॅ. कमल गुप्ता व मेयर शकुंतला राजलीवाला का परिवार रहता है। वहीं नगर निगम कार्यालय भी यहीं है। जो शहर में स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। पास ही दो माह से सीवर ओवरफ्लो होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ से लेकर जेई तक क्षेत्रवासियों की इस परेशानी को समस्या तो मान रहे हैं, लेकिन उसे पेचीदा नहीं मान रहे है। हालात ये है कि पिछले करीब एक माह से वहां चार बड़ी मशीनों का सेट सीवरेज लाइन साफ करने में जुटा है। जबकि साफ होना तो दूर सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। प्रतिदिन सीवरेज लाइन ओवरफ्लो की समस्या है जो कि रूटीन बनी हुई है।
4 साल से सीएम को भेज रहे शिकायतें
समाधान कागजों तक सिमटा
10 मई 2016 को सीएम को भेजे पत्र में प्रीति नगर निवासियों ने शिकायत की कि उन्होंने 24 अप्रैल 2014 को शिकायत की। 26 जून 2014, 22 जुलाई 2014, 29 जुलाई 2015 को शिकायत की। समाधान के नाम पर कर्मचारी आए और लाइन को साफ तो किया लेकिन एक या दो दिन बाद फिर सीवर जाम हो गए। यह समस्या सालों से बनी हुई है। पिछले 25 फरवरी से स्थानीय लोग सीएम ऑफिस को ट्विटर पर शिकायत कर रहे हैं। 26 फरवरी को सीएम ऑफिस से जवाब भी आया और शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर पूछा इसके बाद अधिकारी व कर्मचारी भी फील्ड में पहुंचे। सीवरेज लाइन साफ हुई। एक दिन बाद ही फिर वहीं स्थिति बन गई। 27 फरवरी से 12 अप्रैल तक सीएम को ट्विटर पर शिकायतें हो रही हैं।
समस्या के समाधान के लिए कार्य जारी
प्रीति नगर क्षेत्र में कई दिन से चार मशीनों के एक सेट से सफाई करवाई जा रही है। वहां लेवल की समस्या है। समस्या के समाधान के लिए कार्य जारी है। साथ ही इसी लाइन की सफाई के लिए टेंडर भी किया जाएगा।\\\'\\\' प्रेम कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग हिसार।