कम्प्यूटर प्रोफेशनल संघ की बेमियादी हड़ताल आज से
कम्प्यूटर प्रोफेशनल संघ सदस्य बैठक करते हुए।
भास्कर न्यूज | हिसार
कम्प्यूटर प्रोफेशनल संघ की बैठक लघु सचिवालय में कार्यकारी प्रधान सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में हुई। इसमें हिसार, बरवाला, नारनौंद, हांसी, आदमपुर, बास, उकलाना, खेड़ी जालब और बालसमंद तहसील व ई-दिशा के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का विरोध किया। बैठक में मुख्य रूप से कम्प्यूटर प्रोफेशनल ने अपनी मांगों के प्रति सरकार के उदासीन रवैये को देखते हुए 16 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर पंचकूला जाने का निर्णय लिया है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि कम्प्यूटर प्रोफेशनल संघ के सदस्य 7 जनवरी को जिला करनाल में मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस में ज्ञापन देने गए तो उनकी मांगें सुनने की बजाए उन पर लाठीचार्ज किया गया और केस दर्ज किए गए। इसके विरोध में संघ द्वारा अगले दिन 8 जनवरी को पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालय पर बंद किया गया था।
बैठक में बजरंग, रमेश कुमार, संदीप कुमार, नवीन कुमार, मनदीप सिंहमार, मनजीत सिंह, सोमवीर आदि ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीति का विरोध किया तथा ऐलान किया कि पंचकूला में बेमियादी हड़ताल को सफल बनाएंगे।