शनिवार को केवल पंजीकृत किसानों की ही सरसों खरीदने का लिया फैसला
हैफेड ने सरसों खरीद कार्य को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए शनिवार को केवल पंजीकृत किसानों की सरसों ही खरीदने का फैसला लिया है। हैफेड द्वारा जिला में 15 अप्रैल तक 170 गांवों के 5114 किसानों से 95900 क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है।
जिला प्रबंधक अनिल अहलावत ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला के किसानों की सुविधा के लिए सरसों खरीद का गांव वाइज रोस्टर बनाया गया था। इसके तहत शनिवार का दिन ऐसे किसानों के लिए निर्धारित किया गया था जो किसी कारणवश सोमवार से शुक्रवार तक अपनी फसल मंडी में न ला पाएं। मगर देखने में आया कि अपनी फसल सोमवार से शुक्रवार तक लाने की बजाय अधिकतर किसान केवल शनिवार को ही फसल लाने लगे।
इससे व्यवस्था बिगड़ने लगी और मंडियों में सरसों के ढेर लगने लगे। खरीद कार्य को सुचारू बनाने तथा किसानों के हित में इस फैसले में बदलाव करते हुए निर्णय लिया गया है कि किसानों की सरसों फसल केवल सोमवार से शुक्रवार तक ही खरीदी जाएगी जबकि शनिवार को केवल उन्हीं किसानों की फसल खरीदी जाएगी जो अपनी फसल बेचने के लिए पंजीकरण करवाएंगे। इनके अलावा शनिवार-रविवार को किसी अन्य किसान की फसल नहीं खरीदी जाएगी।