हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने नई पेंशन नीति के विरोध में हुंकार भरी
हिसार| हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवान दत्त ने बताया कि हसला राज्य कार्यकारिणी ने फैसला लिया है कि हसला संगठन नई पेंशन नीति के विरोध में व पुरानी पेंशन नीति के पक्ष में प्रदेशभर में आंदोलन करेगा। भगवानदत्त ने सरकार पर आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार विधायकों व सांसदों को तो पेंशन जारी किए है, दूसरी तरफ (2004) के बाद नियुक्त सरकारी कर्मचारियों की पेंशन बंद कर रही है। एनपीएस के नाम पर सेवानिवृत्ति बाद बचे हुए कर्मचारियों के बचे हुए जीवन के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है। सरकार कर्मचारियों की मर्जी के खिलाफ एनपीएस का पैसा शेयर मार्केट आदि में लगा रही है। हसला नेता ने कहा कि उनके संगठन ने सरकार की इस कर्मचारी विरोधी नीति का विरोध करने का फैसला किया है। हसला सरकार से मांग करता है कि पुरानी पेंशन नीति दोबारा लागू की जाए वरना इसी अप्रैल महीने में कर्मचारी संगठनों से मिलकर धरने-प्रदर्शन व आंदोलन करेगा।