डिजिटल हस्ताक्षर युक्त डोंगल डीडीओ को नहीं मिले तो टीचरों का वेतन अटका, विरोध स्वरूप धरना दिया
कल हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ निदेशालय पर प्रदर्शन करेगा
भास्कर न्यूज | हिसार
मार्च माह का वेतन नहीं ं मिलने से नाराज हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ की जिला कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों अध्यापकों ने धरना दिया।
धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान सुरेंद्र सैनी ने की व धरने का संचालन जिला सचिव पवन कुमार ने किया। धरना को संबोधित करते हुए राज्य उप महासचिव प्रभु सिंह ने बताया कि वित्त विभाग ने अप्रैल 2018 से डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से वेतन बिलों के भुगतान के निर्देश बहुत पहले जारी कर दिए थे। परंतु शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ढिलाई के कारण डिजिटल हस्ताक्षर युक्त डोंगल अभी तक डीडीओ को नहीं मिले, जिसके चलते मार्च माह का वेतन अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अप्रैल के महीने में बच्चों का दाखिला, किताबें, वर्दी आदि के खर्च के साथ ही इसी महीने अनाज आदि खरीदने तथा मकान, गाड़ी व बीमा आदि की किस्तों के खर्चे ने अध्यापकों व अन्य कर्मियों की नींद हराम की हुई है। जिला प्रधान सुरेंद्र सैनी ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि विभाग जल्द ही मांगों का कोई समाधान नहीं करता तो 19 अप्रैल को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ निदेशालय पर प्रदर्शन करेगा। धरना को अलका, वेद प्रकाश बूरा, बबीता, कृष्ण यादव, प्रमोद जांगड़ा, सुतारद्दीन मिर्जा, विनोद कुमार, विक्रम सिंह, बाबू लाल, कुलभूषण शर्मा, शमशेर सिंह व लोकनारायण आदि पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।