कॉमनवेल्थ से पदक लेकर लौटी बेटियों को पलकों पर बैठाया
अग्रोहा | कॉमनवेल्थ गेम्स कुश्ती में कांस्य पदक विजेता किरण गोदारा का अखिल भारतीय बिश्नोई सभा युवा संगठन ने गोदारा के ननिहाल कालीरावण में जोरदार स्वागत किया। अग्रोहा चौक से खुली जीप में गौरव यात्रा एवं विजयी जुलूस निकालते हुए लांधड़ी , अग्रोहा, खासा महाजनान, फ्रांसी, होते हुए कालीरावण पहुंची। युवा संगठन ने कालीरावण गांव व डे नाइट होटल पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। किरण गोदारा के साथ कोच विष्णुदास, अनिता मलिक, कुश्ती संघ के अध्यक्ष हवासिंह खारिया का अखिल भारतीय बिश्नोई युवा संगठन की ओर से सम्मानित किया गया। कालीरावण गांव में पदक विजेता के पहुंचना पर मंगल गीत गाए और जूडो स्वर्ण पदक विजेता संतोष झाझडिय़ा ने कुश्ती खिलाड़ी किरण गोदारा का स्वागत किया। इस मौके पर प्रवीन धारनिया, सुनील मांजू, अनिल मेजर नरषोतम सिंह, राजीव पूनिया, विनोद धतरवाल,कैलाश पूनिया, मेवासिंह गोदारा, पोलू जगाण, बबलू गोदारा, सुरजीत मिठारवाल, चौथाराम ज्याणी, सुरेंद्र खिचड़, ओम विष्णु, सुरेंद्र पूनिया, सतबीर झाझडिय़ा, रामसिंह बिश्नोई, रमेश गोदारा, कुलदीप सोनी, चिरंजीलाल, नरेश शर्मा उपस्थित थे।
अग्रोहा में पहुंचने पर पदक विजेता किरण गोदारा का स्वागत करते हुए ग्रामीण।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया किरण गोदारा का सम्मान
हिसार | हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के फैकल्टी हाउस में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ी किरण गोदारा को सम्मानित किया। पहलवान किरण गोदारा को हिसार इकाई के सदस्यों ने माला व पटका पहनाकर सम्मान दिया तथा उन्हें गीता भेंट की गई। किरण गोदारा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में कुश्ती में कांस्य पदक जीता है। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक पवन कुमार व परिषद के प्रांत मंत्री सुनील भारद्वाज ने कहा कि किरण गोदारा ने कड़े संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है। किरण की मेहनत हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है। इसी तरह हर युवा देश व प्रदेश का नाम रोशन करे। इस मौके पर समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
मनु भाकर को आईस स्केटिंग सिखाएगी एसोसिएशन
हिसार | राष्ट्रमंडल खेलों में 10 मीटर एयर रायफल निशानेबाजी में गोल्ड मेडल विजेता मनु भाकर को हरियाणा आईस स्केटिंग एसोसिएशन ने आईस स्केटिंग सिखाने की पेशकश की है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह लोहान व प्रदेश महासचिव नरेश सेलपाड़ ने कहा कि मनु भाकर को देश व विदेश के नामी कोचों से प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनु भाकर व उनके जैसे दूसरे होनहार खिलाड़ियों के लिए हरियाणा आईस स्केटिंग एसोसिएशन सदैव तैयार है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह लोहान के अनुसार जल्द एसोसिएशन की तरफ से मनु भाकर को सम्मानित किया जाएगा।
रेप की घटनाओं के लिए सरकारी तंत्र जिम्मेदार : बबीता
सिवानी मंडी | महिला पहलवान बबीता फौगाट ने देश में हो रही रेप की घटनाओं के पीछे देश के सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देश में सिस्टम सही नहीं होने के कारण देश को आज रेप जैसी बढ़ती घटनाओं के लिए शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। पहलवान बबीता फौगाट ने खेल नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार नीति पर नीति बना रही है लेकिन उसे लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश के लिए इतने मेडल हासिल किए लेकिन सरकार से उसे अभी तक प्रमोशन तक नहीं मिला। वह 2010 से सब इंस्पेक्टर के जिस पद पर थी आज भी वहीं हैं। इतने मेडल के हिसाब से उसे प्रमोशन दिया जाता तो आज वह कम से कम डीएसपी जरूर होतीं। कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद पहली बार गांव चौधरीवास स्थित हिंदू पब्लिक स्कूल में पहुंची बबीता फौगाट ने सरकार की तरफ से उनके साथ की जा रही उपेक्षाओं को लेकर खुलकर बातचीत की। इस मौके पर बबीता के चाचा सज्जन फौगाट, स्कूल के निदेशक अजय चाहर, अजय श्योराण, जितेंद्र मलिक सहित कई लोग मौजूद थे।