स्वामी ज्ञानानंद के अवतरण दिवस पर हुए कई कार्यक्रम
हिसार | श्रीकृष्ण कृपा सेवा समिति एवं जीओ गीता परिवार द्वारा गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज का अवतरण दिवस सेवा, स्वच्छता व सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। समिति के प्रधान सतीश मेहता ने बताया कि अवतरण दिवस की शुरुआत सेक्टर-14 स्थित सुभाष पार्क में गीता यज्ञ से की गई। समिति से जुड़े सेवादारों के अलावा सेक्टरवासियों ने यज्ञ में आहुति दी। इस मौके पर डिप्टी मेयर भीम महाजन के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। स्वामी ज्ञानानंद महाराज के 62 वर्ष पूरे होने पर सुभाष पार्क व सांई पार्क में 62 छायादार पौधे लगाए गए और 62 तुलसी के पौधों का वितरण किया। इसी तरह शाम को ग्रीन पार्क क्षेत्र में अग्रोहा मेडिकल के सहयोग से रक्तदान शिविर व सत्संग का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में 62 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में उद्योगपति विजय ग्रोवर, रामभगत गुप्ता, महाबीर प्रशाद अग्रवाल एडवोकेट मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। भजन गायक डाॅ. मोहन तनेजा ने भजन-सत्संग द्वारा श्रद्धालुओं को आनंददित कर दिया। समापन पर भंडारा चलाया गया।