घोषणाएं पूरी करने को गंभीर नहीं सीएम
भास्कर न्यूज | मंडी आदमपुर सिटी
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल जब भी हिसार आते हैं, यहां विकास कार्यों को लेकर घोषणाएं करके चले जाते हैं, परंतु उनके द्वारा की गई घोषणाएं पूरी करने के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। मुख्यमंत्री ने हिसार जिले में अभी तक कुल 397 घोषणाएं की है, जिनमें से 24 घोषणाएं नोट अप्रूव्ड तथा 14 घोषणाएं फिजिबल नहीं है।
चार घोषणाएं अप्रूवल के लिए सीएमओ भेजी गई। 75 घोषणाएं ऐसी हैं जिन पर अभी तक काम भी शुरू नहीं हो सका, जिसमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट निर्माण, डेयरी शिफ्टिंग, मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, बालसमंद में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण शामिल हैं। हिसार ही नहीं अन्य जिलों में भी मुख्यमंत्री की घोषणाओं का यही हाल है। यह बात आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कही। कुलदीप ने मुख्यमंत्री से गुजारिश करते हुए कहा कि हिसार में रोड शो करने से पहले अपनी अधूरी घोषणाओं को पूरा करवाए। झूठी घोषणाओं, तथ्यहीन दावों तथा झूठे प्रचार से न तो हिसार का विकास होगा और न ही प्रदेश के अन्य जिलों का। इस मौके पर उनके साथ रणधीर पनिहार, जयवीर गिल, विनोद ऐलावादी, मानसिंह चेयरमैन, राजाराम खिचड़, कृष्ण सेठी, दलबीर सलेमगढ़, संदीप ज्याणी, सुधीर काकड़ सहित अनेक अन्य उपस्थित रहे।
आदमपुर हलके के गांव में लोगों से मिलते हुए विधायक कुलदीप बिश्नोई।