पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • सीएम की 84 घोषणाएं हवा में, नहीं मिली मल्टीस्टोरी पार्किंग

सीएम की 84 घोषणाएं हवा में, नहीं मिली मल्टीस्टोरी पार्किंग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल हिसार के विकास को अपने कार्यकाल के साढ़े तीन वर्ष में 375 घोषणाएं कर चुके हैं। इसमें से शहर की 84 महत्वपूर्ण ऐसी घोषणाएं हैं जिनसे शहरवासी सीधे-सीधे जुड़े हुए हैं। 2014 में सीएम की घोषणाओं के बाद से अभी तक शहर की कई मुख्य योजनाओं पर काम अधर में है। इसमें मल्टीस्टोरी पार्किंग, कॉम्प्लेक्स, डेयरी शिफ्टिंग, सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट अौर गो अभ्यारण्य भी हवा में अटक गया है।

इसमें से कई कार्य तो ऐसे हैं जो जमीन न मिलने व फंड न आने के कारण अटके हुए हैं। हालांकि प्रशासन का दावा है कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में सीएम द्वारा हिसार जिला के लिए की गई कुल घोषणाओं में से 75.21 प्रतिशत घोषणाएं या तो पूरी हो चुकी हैं अथवा पूरी होने के नजदीक हैं।

आंकड़ों में समझिए सीएम की घोषणाओं का हाल

सीएम की कुल घोषणाएं 375

कार्य पूर्ण 120 परियोजनाएं

कार्य अंतिम चरण में 150 परियोजनाएं

नॉट फिजिबल 16 घोषणाएं

स्थगित 5 घोषणाएं

लंबित 84 घोषणाएं (इनमें ज्यादातर वे योजनाएं जिनके लिए पंचायती भूमि उपलब्ध नहीं)

खर्चा अब तक 391.13 करोड़ रुपए।

घोषणाओं को पूरा करवाने को सरकार द्वारा रुपए जारी किए 541.55 करोड़ रुपए।

परियोजनाओं में आने वाली परेशानियों को किया जा रहा दूर

सीएम घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासन द्वारा गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। घोषणाओं की समीक्षा के लिए नियमित रूप से अधिकारियों की बैठक ली जाती है और कार्यों में आने वाली परेशानियों को दूर करते हुए उन्हें कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए जाते हैं। परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।\\\'\\\' -अशोक कुमार मीणा, डीसी, हिसार।

इधर, काले झंडे दिखाएंगे

सेक्टर 33 के नाले में गंदा पानी छोड़े जाने से अलॉटियों में रोष

सेक्टर 33 में नाले में छोड़ा गया गंदा पानी को लेकर विरोध करते सेक्टरवासी।

हिसार | सेक्टर 33 में नाले में फिर से गंदा पानी छोड़े जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। नाले की खुदाई करने व गंदा पानी छोड़े जाने के मामले को लेकर सेक्टरवासी और अलॉटी एकत्रित होकर हुडा यानी एचएसवीपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एडमिनिस्ट्रेटर से मुलाकात कर कहा कि पब्लिक हेल्थ सेक्टर के बीचों बीच कैसे नाले की खुदाई कर सकता है और उसमें गंदा पानी कैसे छोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि या तो तुरंत प्रभाव से इस नाले की खुदाई व गंदा पानी छोड़ा जाना बंद किया जाए वरना गुरुवार को सेक्टरवासी सीएम को काले झंडे दिखाएंगे। हुडा अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे पब्लिक हेल्थ से इस बारे बात कर कोई समाधान निकलवाएंगे। सेक्टरवासियों में नवीन तनेजा, राजपाल नैन, जयनारायण, प्रवीन जैन, सुभाष बजाज, आनंद सिंगला, विनोद तोसावड़, राजेंद्र, अक्षय, दिनेश सिहाग, आशीष व प्रवेश बेरवाल सहित कई अलॉटी मौजूद थे।

डाॅ. सुभाष चंद्रा के क्षेत्र से शुरू होगा रोड-शो

हिसार | मुख्यमंत्री मनोहर लाल का 17 मई को होने वाले रोड-शो को राजनीति दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री शाम को देवीभवन मंदिर से अपनी यात्रा शुरू करेंगे। यह क्षेत्र सांसद डाॅ. सुभाष चंद्रा के रिहायशी क्षेत्र में आता है। देवीभवन से डॉ. चंद्रा का आवास कुछ मीटर की दूरी पर कृष्णा मंडी में हैं। सीएम का रोड शो देवीभवन से निकलकर मोहना मंडी से गुजरेगा। लेकिन डॉ. सुभाष चंद्रा कल हिसार में नहीं हैं। 4 किलोमीटर का क्षेत्र कवर करके रोड-शो का समापन पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी के क्षेत्र पुरानी सब्जी मंडी चौक पर संपन्न होगा। इस बीच डोगरान मोहल्ला से भी रोड शो गुजरेगा, जहां पंजाबी बहुल इलाका है। यहां पंजाबी समुदाय के गौतम सरदाना को भी समाज के वोट अच्छे वोट मिलते रहे हैं। वैसे जहां-जहां से रोड शो गुजरेगा, वहां जातीय समीकरण बिठाया गया है। मुख्य तौर पर अग्रवाल, पंजाबी, सैनी और दलित समुदाय के क्षेत्र में रोड शो को रखा गया है। वर्तमान में कई पार्षद और निगम का चुनाव लड़ने वाले भावी उम्मीदवार भी मुख्यमंत्री के स्वागत में तैयार रहेंगे। अनेक व्यापारिक, सामाजिक व धार्मिक संस्थान के प्रमुख भी सीएम के आगवानी में पलकों को बिछाए रहेंगे। वहीं चेयरमैन पद से हटे जोगीराम सिहाग कार्यक्रम से दूरी बनाए हुए हैं।

सीएम को काले झंडे दिखाकर विरोध जताएगी कांग्रेस व युवा इकाई

हिसार | शहर व आसपास के गांवों में जनसुविधाएं न होने के कारण जिला कांग्रेस और युवा इकाई की ओर से गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाएंगे। यह बात नलवा विधानसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस नेता मनोज टाक ने यहां जारी बयान में कही। इससे पहले युवा कांग्रेस की बैठक हुई, जिसमें टूटी सड़कों, बिजली व पानी की समस्या के मुद्दे रखे गए। उन्होंने कहा कि गांव गंगवा सहित अन्य गांवों में लंबे समय से बिजली, पानी व सड़क की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन शासन-प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। टाक ने बताया कि गांव गंगवा, आर्य नगर, कैमरी, डाबड़ा, हिंदवान में लंबे अरसे से टूटी सड़कों व बिजली की समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा। पानी व अन्य सुविधाओं का भी व्यापक अभाव बना हुआ है। बैठक में हरीश भट्ट, नरेंद्र भानखड़, संदीप काकू, सुभाष परसाई, हर्ष शर्मा, अनिल सुथार, विक्रम आर्यनगर, मोनू बंसल, राहुल प्रजापति व संजू सोनी आदि मौजूद थे।

रोड शो से पहले जनता के वादे पूरे करें मुख्यमंत्री : गंगवा

हिसार | नलवा से इनेलो विधायक रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री रोड शो से पहले अपने वादों को पूरा करें। अन्यथा जनता उन्हें आने वाले समय में आइना दिखाने का काम करेगी। विधायक गंगवा ने कहा कि वर्तमान में डीजल व पेट्रोल के भाव चरम पर है, वहीं खाद का बैग भी 200 रुपए बढ़ा दिया गया है। पहले जो डीएपी खाद 1050 रुपए की मिलती थी, वही आज 1250 रुपए बैग कर दी गई है। किसान पहले ही कर्ज के भार में दबा हुआ है और अब दिनों दिन बढ़ती जा रही महंगाई उन्हें गर्त में ले जाएगी। सरकार केवल बयानबाजी में किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, जबकि अपनी मेहनत के बलबूते पर फसल पैदा करने के बावजूद किसानों की फसलों की खरीद नहीं होती। विधायक गंगवा ने सवाल उठाया कि जब सरकार किसान की फसल खरीद ही नहीं सकती तो न्यूनतम समर्थन मूल्य क्यों रखती है। सरकार किसानों की फसलों की खरीद सुनिश्चित करे, ताकि महंगाई की मार से त्रस्त किसानों को कुछ राहत मिले।

खबरें और भी हैं...