पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • आंटी शहर में मर्डर हुआ है, गहने पहन घूम रही हो, इन्हें निकाल कागज में लपेट लो, घर जाकर जांचे तो निकले पीतल के अाभूषण

आंटी शहर में मर्डर हुआ है, गहने पहन घूम रही हो, इन्हें निकाल कागज में लपेट लो, घर जाकर जांचे तो निकले पीतल के अाभूषण

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सेक्टर 14 में शुक्रवार सुबह सवा 7 बजे सैर करके घर लौट रही 60 वर्षीय सत्यभामा गोयल को एक युवक और अधेड़ ने ठग लिया। बोले कि आंटी शहर में मर्डर हुआ है। आप गहने पहनकर घूम रही हो।

हमारी आरोपियों को पकड़ने की ड्यूटियां लगी हुई हैं। इन्हें आप निकालकर तुरंत कागज में लपेट लो। ठगों ने तुरंत हाथों से सोने की चूड़ियां और अंगूठी उतरवा ली। जब वृद्धा ने घर पहुंचकर देखा तो पीतल की चूड़ियां निकलीं। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी। सिटी थाना में पहुंचकर ठगों के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज करवा दिया। बता दें कि इस ठग गिरोह में एक अधेड़ और 35 साल का युवक शामिल है, जो शहर में पहले भी उक्त घटनाओं को अंजाम दे चुका है। सेक्टर 13, मॉडल टाउन, निरंकारी रोड, अर्बन एस्टेट, बिश्नोई काॅलोनी सहित अन्य पॉश इलाकों में एक के बाद एक ठगी कर फरार हैं। नई अनाज मंडी चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार का कहना है कि में ठगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के लिए कैमरे तलाश रहे हैं। सुराग हाथ लगते ही आराेपी ठगों को पकड़ लेंगे।

भय पैदाकर उतरवा दिए थे गहने, ठगी को समझ नहीं पाई: सत्यभामा

दवा के थोक विक्रेता नीरज गोयल की माता सत्यभामा ने बताया कि रोजाना सैर करने के लिए जाती हैं। सेक्टर 14 से सटे ऋषि नगर रोड पर टहलते हुए निकल गईं थी। धर्मशाला साइट के पास जाकर लौट रही थी। रास्ते में 35 वर्षीय युवक और 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने रोक लिया था। तब उन्होंने शहर में मर्डर होने की कहानी गढ़ी। भय पैदा कर गहने उतरवा लिए। उन्हें कागज में लपेटकर साड़ी में लपेट घर जाने के लिए कह दिया। जब घर पहुंचकर रसोई में जाकर कागज से गहने बाहर निकाले तो पीतल की चूड़ियां व अंगूठी निकली।

खबरें और भी हैं...