भास्कर न्यूज | राजधानी हरियाणा
सरकार योजनाओं को सफल करने का जिम्मा अब भारतीय जनता पार्टी की युवा ब्रिगेड के हवाले होगा। जिस भी जिले में कोई अधिकारी लापरवाही बरतेगा या योजना को सिरे चढ़ाने में कोताही बरतेगा, सीधे रिपोर्ट सीएमओ में होगी। हर दिन की खबर युवा मोर्चा सीधे सीएम को करेगा। पत्र लिखकर पूरी जानकारी पहुंचाई जा सकेगी। एेसा माना जा रहा है कि कुछ अफसर या कर्मचारी इन योजनाओं को सिरे चढ़ाने में अड़चन बन सकते हैं।
सीएम मनोहर लाल ने हिसार के रोड शो के ठीक बाद चंडीगढ़ स्थित निवास पर प्रदेशभर के सभी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्षों की बैठक ली। इसमें योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया। युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से लिखित सुझाव मांगे हैं, ताकि फील्ड से जानकारी जुटाकर और योजना बनाई जा सकें।
शिव धाम के बिना न रहे कोई गांव : सीएम ने युवा जिलाध्यक्षों से कहा कि प्रदेश के हर गांव में शिव धाम बनाए जाने हैं। कोई भी गांव शिव धाम के बिना न रहे। हर जगह सुनिश्चित किया जाए कि श्मशान घाट तक पक्का रास्ता हो और शेड बना हो। किसी भी गांव में मौसम खराब होने पर किसी का अंतिम संस्कार करने में दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
व्यायामशालाओं में नहीं लगेंगी आरएसएस संघ की शाखा
सीएम ने कहा कि राज्य में स्थापित की जा रही व्यायामशालाओं में किसी भी प्रकार की कोई संघ की शाखा नहीं लगाई जाएगी। इनकी स्थापना ग्रामीणों के स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए की है।
कुरुक्षेत्र में कड़ी सुरक्षा में सीएम का रोड शो
कुरुक्षेत्र | सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में एसवाईएल का पानी हर हालत में आएगा। सुप्रीम कोर्ट का निर्णय प्रदेश के पक्ष में आ चुका है, लेकिन कुछ विपक्षी पार्टियां जनता को गुमराह करने में जुटी हैं। अंगुली कटाकर शहीद होने का नाटक कर रही हैं। जनता इनकी ड्रामेबाजी को समझती है। रोड शो के समापन पर लोगों से रूबरू होते हुए कहा कि लोकतंत्र में हमेशा उत्सव की व्यवस्था रहती है, लेकिन सही मायनों में 5 साल के बाद चुनावों में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता अपना सही प्रतिनिधि चुनती है। मेरा चुनाव भी उसी व्यवस्था के तहत हुआ। सरकार बनी तभी तय कर लिया था कि पूरे प्रदेश की भलाई के लिए समान रूप से काम करना है। गीता में भी यही संदेश दिया गया है।
जल्द सार्वजनिक होगी ढींगरा आयोग की रिपोर्ट
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि जस्टिस ढींगरा आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को दो माह का समय दिया है, यह अवधि 8-10 दिन में पूरा होने वाली है। शीघ्र ही रिपोर्ट को सार्वजनिक कर दिया जाएगा। कांग्रेस राज में सीएलयू को लेकर बड़े पैमाने पर हेरा-फेरी की गई, जो कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के माध्यम से निकल कर सामने आ रही है और घबराहट बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में बैठे लोग भ्रष्टाचार करते थे। हरियाणा में वर्ष 1990 में सीएलयू प्रणाली को शुरू किया गया है और सीएलयू देने का अधिकार केवल पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के निदेशक को था, लेकिन बाद में एक व्यवस्था बनाई गई। जिसके तहत सीएलयू से संबंधित सभी फाइलें मुख्यमंत्री कार्यालय में जाने लगी और वहां से सीएलयू की मंजूरी होती थी। वर्ष 2016 में इसे दोबारा से नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के निदेशक को सौंप दिया।
एसवाईएल पर नाटक कर रहा विपक्ष, अंगुली कटाकर शहीद होने का प्रयास : मनोहर लाल
कुरुक्षेत्र में सीएम के रोड शो के दौरान पुष्पवर्षा करते शहरवासी।
पंचायतों के पास गोचरण जमीन पर गायों को चराएं, जल्द बनाएंगे नीति
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि सरकार ने गोरक्षा आयोग बनाया है और लावारिस गायों को गोशालाओं और नंदीशालाओं में रखने का कार्य किया है। हमने समाज के लोगों से भी अपील की है कि वे पंचायतों के पास गोचरण जमीन पर गायों को चराएं और इसके लिए सरकार एक प्रणाली बनाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। समाज में सरकारों को रोल केवल विकास व ढांचागत का विकास ही नहीं करना है, बल्कि समाज को दिशा देकर चरित्र निर्माण करना भी है।