नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान कार की तलाशी लेते पुलिस कर्मी।
हिसार| डीजीपी के आदेश पर हिसार पुलिस ने शुक्रवार रात 11 बजे से लेकर 4 बजे तक नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान 1813 वाहनों की जांच करते हुए 155 के चालान काटे। इनके अलावा दस्तावेज न होने पर 17 वाहनों काे जब्त कर लिया गया। इस अभियान में जिले की 90 फीसद पुलिस सड़कों पर तैनात रही। सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों एवं थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारियों ने नाकाबंदी करके वाहनों की जांच की। अपने-अपने इलाकों के होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों को चैक किया। पुलिस ने 60 व्यक्तियों के अजनबी पर्चे ( स्ट्रेंजर रोल) काटे हैं। जिला हिसार पुलिस ने नाइट डोमिनेशन के दौरान दो अवैध पिस्तौल बरामद किए तथा जुआ अधिनियम के तहत 3405 रुपये की राशि बरामद की। अवैध शराब की 345 बोतलें बरामद करके नाइट डोमिनेशन अभियान के तहत 85 सार्वजनिक- पब्लिक स्थानों को भी चैक किया।