हिसार | कैमरी रोड शराब ठेका प्रकरण में पुलिस ने तीनों पक्षों को पूछताछ के लिए सदर थाना में बुलाया है। एसएचओ बिजेंद्र सिंह तीनों पक्षों से बातचीत कर सच्चाई जानेंगे। आरोप साबित होने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि कैमरी रोड स्थित लक्ष्मी विहार काॅलोनी के लोग काफी समय से मेन गली के कोने पर ठेका खुलने का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को ठेका खोलने को लेकर क्षेत्रवासी सड़क पर उतर आए। एक्साइज इंस्पेक्टर नीलम वत्स और इंस्पेक्टर जय भगवान बॉक्सर के बीच कहासुनी के बाद झड़प हो गई थी। मामले में शराब ठेके के सेल्समैन, एक्साइज इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर जय भगवान एवं क्षेत्रवासियों की तरफ से आजाद नगर चौकी में शिकायत आई है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की जांच के लिए तीनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना में बुलाया गया है।