इंडस्ट्रियल एरिया का नाला देख डीसी ने रुकवाई गाड़ी, निगम अफसरों से कहा- दुरुस्त करवाओ
डीसी अशोक कुमार मीणा शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने निकले। उनके साथ कई विभागों के अफसर भी साथ थे। उन्होंने विद्युत नगर के गेट के सामने अचानक से गाड़ी रुकवा दी। सड़क के साथ खुले नाले को देख वह गाड़ी से उतरे और अपने साथ चल रहे अधिकारियों से पूछा कि यह नाला किस विभाग के अंतर्गत है। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि हम देख रहे हैं। डीसी ने सख्त लहजे में कहा कि चीफ सेक्रेटरी की बैठक में भी यह मुद्दा उठा, इसके बावजूद आपने इस नाले को ठीक नहीं कराया। निगम के अधिकारी बोले- सर बजट कम है। डीसी बोले-कहां जाता है निगम का बजट, मुझे नहीं पता कैसे भी बनवाओ। आपको शहर में समस्याएं दिखती नहीं हैं क्या।
विद्युत नगर के सामने नाले को निगम अधिकारियों को निर्देश देते डीसी। डीसी ने अधिकारियों को बरसाती नाले काे ठीक करने का निर्देश तो दे दिया मगर बिन बारिश इस नाले में पानी कहां से आया इस पर किसी ने नहीं पूछा। स्थानीय लोगों की मानें तो यह समस्या काफी बड़ी है। यही नहीं लोगों के प्रतिष्ठानों में बेसमेंट तक में यह गंदा पानी पहुंच रहा है।