धाेखाधड़ी कर फौजी के खाते से 1.37 लाख की ऑनलाइन शॉपिंग की
हिसार | सिटी थाना पुलिस ने किरोड़ी निवासी फौजी सुधीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बैंक खाते से 1 लाख 37 हजार 412 रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग करने पर धोखाधड़ी व चोरी का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बैंक से खाते संबंधित जानकारी मांगी है। पुलिस को दी शिकायत में सुधीर सिंह ने बताया कि वह फौज में कार्यरत है। उसका रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित एक्सिस बैंक में खाता है। 9 अप्रैल को बैंक में पास बुक प्रिंट करवाने गया था। तब उसे पता चला कि खाते से 1 लाख 37 हजार 412 रुपए की राशि निकाली गई है। किसी ने गुरुग्राम सहित एक अन्य शहर में ऑनलाइन नेट बैंकिंग से शॉपिंग कर ली। इस संबंध में बैंक प्रबंधन से संपर्क किया लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। तब उसने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर राशि वापस दिलवाने की गुहार लगाई है। जांच अधिकारी एचसी अनूप ने बताया कि बैंक से डिटेल मांगी है।