लाेक कलाओं को जीवंत करने को युवाओं को देना होगा मंच
हरियाणा कला परिषद के निदेशक हिसार के कलाकारों से हुए रूबरू
हिसार | हरियाणा कला परिषद के हिसार मण्डल के नव नियुक्त निदेशक गजेंद्र फौगाट शुक्रवार को हिसार आए। वह सेक्टर 15 स्थित अभिनय रंगमंच के कलाकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि हरियाणा कला परिषद का मुख्य उद्देश्य लोक कलाओं को जीवंत करने के साथ-साथ युवा कलाकारों को मंच प्रदान करना है।
फौगाट ने कहा कि कला का मुख्य उद्देश्य समाज में सद्भावना, संस्कार, संस्कृति व विविधता में एकता प्रस्तुत करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नवीन प्रयोग करना अच्छी बात है, परंतु ये लोक कला व अपनी जड़ों को बिसराते हुए नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस समय कलाकारों के लिए अनेकों मंच उपलब्ध करवा रही है, जिसके अंतर्गत स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रदेश के सभी हिस्सों के कलाकारों को जोड़कर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा वरिष्ठ कलाकारों को भी उभरते हुए कलाकारों के साथ मौका दिया है।
इसके अलावा लोक कला नवीन प्रयोगों का आधार होनी चाहिए और नए प्रयोग संस्कृति से छेड़छाड़ किए बिना हों, इस बात का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उनके साथ रंगकर्मी लोकेश मोहन खट्टर, मनीष जोशी, संगीत निदेशक प्रवीण मुखीजा, लोक कलाकार सतीश कश्यप, संध्या शर्मा, विख्यात कलाकार राममेहर मेहला, रंगकर्मी पवन सुनीता नागपाल, महेन्द्र चुघ सहित हिसार के विभिन्न विधाओं के वरिष्ठ कलाकार उपस्थित रहे।