विश्वकर्मा धर्मशाला में युवक ने लगाई फांसी
रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित विश्वकर्मा धर्मशाला में 150 रुपये रेंट पर कमरा लेकर सीसवाल गांव वासी अभिजीत ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता शनिवार शाम को चला जब धर्मशाला का स्टाफ रूम रेंट लेने के लिए गया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर किसी ने नहीं खोला तो पुलिस को सूचना दी गई। सब्जीमंडी चौकी से एएसआइ जय सिंह और रामजी लाल की टीम पहुंची। खिड़की से अंदर झांकने पर युवक फंदे से झूलता मिला। इस दौरान कमरे से दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक ने शुक्रवार दोपहर बाद आत्महत्या की है। धर्मशाला के स्टाफ के अनुसार वह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आया था। उसने 150 रुपये प्रति दिन किराया देकर कमरा रेंट पर लिया था। जब शनिवार का रेंट लेने के लिए कमरा खटखटाया तो नहीं खोला। फिर पुलिस को बुलाकर जांच करवाई तो युवक ने फांसी लगा रखी थी।