सरसों व गेहूं की आवक पिछले साल के मुकाबले ज्यादा, टूटेगा रिकॉर्ड
नई अनाज मंडी में इस बार गेहूं और सरसों की आवक का रिकॉर्ड टूटेगा। चालू वर्ष में 16 अप्रैल तक पिछले साल के मुकाबले सरसों लगभग दोगुनी आ चुकी है। जबकि गेहूं की आवक भी इसी सत्र के मुकाबले में दो हजार क्विंटल ज्यादा हो चुकी है। वर्ष 2018-19 में 16 अप्रैल तक 88578 क्विंटल आवक हुई है। जो पिछले साल इस दिन तक 86069 क्विंटल थी। इसी तरह चालू साल में 16 अप्रैल तक 66847 क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी है, जो पिछले साल इस दिन तक 35918 क्विंटल थी। इस तरह गेहूं और सरसों की आवक ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जिले की हांसी, बास, आदमपुर, नारनौंद, बरवाला और उकलाना मंडी में दोनों फसलों की अच्छी आवक हो रही है। अनुमान यह लगाया जा रहा है कि इस चालू साल में गेहूं और सरसों की आवक का रिकॉर्ड टूटेगा। हिसार मार्केट कमेटी के सचिव अमनजीत सिंह घनघस ने बताया कि गेहूं खरीद के लिए हैफेड, इफको, एफसीआई व खाद्य एवं आपूर्ति एजेंसियां तय की गई है। सरसों खरीद 10 मई तक चलेगी। जिसका सरकारी खरीद रेट 42सौ रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। गेहूं के रेट अभी तक केंद्र ने घोषित नहीं किए हैं। वैसे गेहूं खरीद 1675 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई है। उन्होंने बताया कि मंडी में सभी व्यवस्थाएं पूरी की गई है।